Bhopal. मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक और न्यायिक गलियारों में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाजापुर दौरे पर रहकर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर दिल्ली हाईकोर्ट में कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती की किस्मत पर आज फिर बड़ी बहस होने वाली है।

CM मोहन यादव शाजापुर में: कालापीपल में होगा मेगा रोड शो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। जहां वे जनता को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री का आज का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

सुबह 11:00 बजे: मुख्यमंत्री भोपाल से शाजापुर के लिए रवाना होंगे।

सुबह 11:30 बजे: कालापीपल आगमन के साथ ही सीएम का भव्य मेगा रोड शो शुरू होगा। इसके बाद वे विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और कई विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।

4 लाख पौधों का वितरण: ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरा-भरा कालापीपल’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री खुद पौधरोपण करेंगे। इस अभियान के अंतर्गत रिकॉर्ड 4 लाख पौधों का वितरण किया जाएगा।

दोपहर 12:45 बजे: सीएम कालापीपल से भोपाल के लिए वापस रवाना होंगे।

दोपहर 3:00 बजे: भोपाल लौटकर मुख्यमंत्री सुशासन भवन पहुंचेंगे, जहां वे एक बेहद महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे।

राजेंद्र भारती केस: दिल्ली हाई कोर्ट में आज फिर सुनवाई, उपचुनाव रोकने की मांग!

बैंक गड़बड़ी मामले में तीन साल की सजा पा चुके कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती के मामले में एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है। कल भी इस मामले में हाई कोर्ट में तीखी बहस हुई थी, जिसमें राजेंद्र भारती की तरफ से देश के दिग्गज वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने पैरवी की थी।

उपचुनाव पर रोक की मांग

बैंक घोटाले में सजा मिलने के बाद भारती को जमानत तो मिल गई थी, लेकिन उनकी सजा पर स्टे (रोक) नहीं लगा है। राजेंद्र भारती ने याचिका दायर कर अपनी सजा पर रोक लगाने और दतिया विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग की है। आज कोर्ट इस पर कोई बड़ा फैसला सुना सकता है।

बैतूल: भूतपूर्व सैनिकों और शहीद वीरांगनाओं की बैठक आज

जिले के भूतपूर्व सैनिकों और शहीदों की पत्नियों की मासिक बैठक आयोजित की गई है। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बैतूल में यह बैठक बुलाई गई है। सेवानिवृत्त जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन आईएन सुमीत सिंह ने प्रदेश के सभी भूतपूर्व सैनिकों और शहीदों की पत्नियों से अपील की है कि वे देश और समाज हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए यथासमय इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m