भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में कई बड़ी हलचलों के साथ-साथ जन-सरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। पढ़िए आज की मुख्य खबरें:

CM डॉ. मोहन यादव के आज के व्यस्त कार्यक्रम, उज्जैन में सुनेंगे ‘मन की बात’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन दौरे पर रहेंगे। वे महाकाल मंदिर परिसर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे और कई विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर में शहडोल के ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में वर्चुअली जुड़ेंगे। दोपहर में भोपाल लौटकर वे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और शाम को रवींद्र भवन में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उज्जैन के विकास में CM मोहन यादव तुड़वाएंगे अपना पुश्तैनी घर

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत आज से खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण शुरू हो रहा है। लगभग 9.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की जद में 272 मकान आ रहे हैं। बड़ी बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास के लिए अपना पुश्तैनी मकान और उनकी बहन व नगर निगम सभापति कलावती यादव ने भी अपना घर तुड़वाने की स्वेच्छा से सहमति दी है।

चुनाव आयोग के प्रेस नोट पर बोले CM मोहन यादव- “कांग्रेस का झूठ हुआ बेनकाब”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कांग्रेस और विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की बैठक और प्रेस नोट ने कांग्रेस के मनगढ़ंत झूठ का पर्दाफाश कर दिया है। बार-बार चुनाव में हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

भोपाल के नीलम पार्क में आज से शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना

TET और ई-अटेंडेंस हटाने सहित अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर मध्य प्रदेश के शिक्षक आज से सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर रहे हैं। शिक्षक संगठनों के आह्वान पर आज से भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो रहा है।

दिल्ली में 29 सितंबर को बीजेपी की बड़ी बैठक, नितिन नवीन लेंगे क्लास

संगठन और आगामी चुनाव रणनीति को लेकर भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में एक बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है। 29 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक के तुरंत बाद सभी प्रभारी अपने-अपने प्रभार वाले राज्यों के दौरे पर रवाना होंगे।

आज रविवार को भी खुले रहेंगे MP के 7000 बैंक, कल से लगातार 3 दिन की हड़ताल

मध्य प्रदेश के बैंक उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। हड़ताल के कारण आगामी 28, 29 और 30 सितंबर को प्रदेश भर के बैंक बंद रहेंगे। इसी वजह से आज यानि रविवार को मध्य प्रदेश की करीब 7,000 बैंक शाखाएं खुली रहेंगी और लगभग 40,000 बैंक कर्मचारी काम पर तैनात रहेंगे ताकि आम जनता के जरूरी कामकाज निपटाए जा सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m