शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी में आजादी के महापर्व की तैयारियाँ जोरों पर हैं। कल से शहर में तिरंगा यात्राओं का सिलसिला शुरू होगा। आम लोगों से लेकर प्रशासन तक, सभी इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने वाले हैं।
पहली यात्रा टीटी नगर स्टेडियम के मुख्य द्वार से शुरू होगी। यह महाराणा प्रताप मार्ग, एक्सिस बैंक तिराहा, टीटी नगर क्रॉस होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक पहुँचेगी। वहाँ से यू-टर्न लेकर यात्रा फिर टीटी नगर क्रॉस, थाना चौराहा, सेंट्रल पॉइंट और मटकू तिराहा होते हुए वापस टीटी नगर स्टेडियम में समाप्त होगी।
बड़ी संख्या में आम नागरिक इन यात्राओं में शामिल होने वाले हैं। प्रशासन ने आयोजन को लेकर पुख्ता व्यवस्था कर दी है। सुबह 9 बजे से प्रभावित रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। साथ ही तीन जगहों पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन का आज अंतिम दिन
राजधानी भोपाल में चल रहे ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन का आज अंतिम दिन है। आज ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी। इस बैठक में सांस्कृतिक विरासत, संग्रहालयों, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और लोगों से लोगों के बीच जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक ‘ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की घोषणा’ को अपनाने के साथ समाप्त होगी। यह घोषणा ब्रिक्स ढांचे के भीतर बेहतर सांस्कृतिक सहयोग के लिए एक साझा दृष्टिकोण और भविष्य का रोडमैप निर्धारित करेगी। इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दोपहर के भोजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उसके बाद विदेशी मेहमान यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची की सांस्कृतिक यात्रा पर जाएंगे।
राजधानी के 30 इलाकों में आज रहेगी बिजली गुल
राजधानी के करीब 30 इलाकों में आज बिजली गुल रहने वाली है। संधारण कार्य के चलते 2 से 6 घंटे तक बिजली कटौती की जाएगी। आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सोहागपुर, फैथकलां, सुभालय सुहागा, पिपलिया केशो, गुराड़ी घाट, रतनपुर सड़क, नरेला हनुमंत, आस्ट्रिया कॉलोनी, सेज ग्रीन और आसपास के इलाकों में बिजली कटौती रहेगी।
इसी समय यानी सुबह 10 से शाम 4 बजे तक पीजीबीटी रोड, गौतम नगर, फिरदोश नगर, संत कंवर राम कॉलोनी, शीतला नगर, श्री नगर, सरदार नगर, नारियलखेड़ा, निशातपुरा, ओम शिव नगर, मुंशी प्रेम कॉलोनी, बरेला गांव, इस्लामपुरा, भोईपुरा और आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली नहीं रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नवाब कॉलोनी, शिवनगर फेस-1, 2, 3 और 4 तथा आसपास के इलाकों में कटौती होगी। वहीं दोपहर 12 से 2 बजे तक ओल्ड काजी कैंप और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल रहेगी।
सीएम डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 9:15 बजे उज्जैन से इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे इंदौर में पश्चिमी जोन क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। दोपहर 12:25 बजे इंदौर से भोपाल के लिए रवाना होंगे और भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे वे राजधानी में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


