शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। अतिथि शिक्षकों को ई अटेंडेंस के आधार पर ही नियुक्ति मिलेगी। अतिथि शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय का नया आदेश जारी हो गया है। री-ज्वाइनिंग के लिए फरवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक 90 फीसदी या उससे अधिक ई-अटेंडेंस अनिवार्य कर दिया गया है। इसी समय का नियमित मानदेय प्राप्त होना भी जरूरी होगा।
भविष्य में री-ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरे शैक्षणिक सत्र की ई-अटेंडेंस के आधार पर होगी। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों और शाला प्रभारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के आदेश जार कर दिए गए हैं। मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षकों की हर साल नए सत्र पर री-जॉइनिंग होती है।
आरक्षक से स्पेशल डीजी तक मोबाइल से मांगेंगे छुट्टी
मध्य प्रदेश पुलिस में अब छुट्टी लेने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो गई है। आरक्षक से लेकर स्पेशल डीजी स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर से ऑनलाइन अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे और सक्षम अधिकारी भी ऑनलाइन ही छुट्टी मंजूर करेंगे। आवेदन की पूरी स्थिति कर्मचारी अपने लॉगिन पर रियल टाइम देख सकेंगे। अवकाश की मंजूरी पहले की तरह संबंधित पद के लिए निर्धारित सक्षम अधिकारी ही देंगे। नई व्यवस्था 1 जुलाई से प्रदेश की करीब 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दी गई है।
उज्जैन के ‘त्रिनेत्र’ को स्वर्ण पुरस्कार
श्री महाकालेश्वर मंदिर में लागू एआई आधारित निगरानी प्रणाली ‘त्रिनेत्र’ को राष्ट्रीय ई-गवर्नेस पुरस्कार 2026 में स्वर्ण पुरस्कार मिला है। जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय ई-गवर्नेस सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कलेक्टर रौशन कुमार सिंह को सम्मानित किया।
सम्मेलन में डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन ने उज्जैन के ‘त्रिनेत्र’ मॉडल को देशभर में लागू करने के लिए जल्द ही एमओयू करने की घोषणा की। यह मॉडल स्मार्ट निगरानी और सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है। डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश के लिए उपलब्धि बताया। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के ई-गवर्नेस नवाचारों का भी प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
सीएम डॉ मोहन सुबह 11 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, मंत्रालय में कृषि वर्ष अंतर्गत संपन्न कार्यक्रमों एवं आगामी प्रस्तावित कार्यक्रमों की मुख्यमंत्री समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 बजे वर्तमान सत्र में लोकार्पण हेतु सांदीपनि विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा होगी। इसके बाद सीएम दोपहर 3 बजे मंत्रालय में अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

