राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की बैठक में बड़ा और स्वागत योग्य निर्णय लिया है। अगले शिक्षा सत्र से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के सभी विद्यार्थियों को सांची दूध का टेट्रा पैक उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सांची के माध्यम से दूध वितरण के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं, ताकि कोई कमी न रहे। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के पोषण को प्राथमिकता देना सरकार की प्राथमिकता है। इस योजना से न सिर्फ बच्चों का स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि सांची ब्रांड को भी नई पहचान मिलेगी।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से सांची दुग्ध संघों को बड़ा लाभ मिला है। पिछले एक साल में प्रदेश में दुग्ध संकलन 8.75 लाख लीटर से बढ़कर 12 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। किसानों को दूध पर 8 से 10 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त लाभ मिल रहा है। सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि 45 लाख लीटर क्षमता का नया दूध संयंत्र बनाने की कार्ययोजना तैयार की जाए, सांची डेयरी विकास योजना के तहत 26 हजार गांवों को इससे जोड़ा जाए। इसके अलावा शिवपुरी में नया दूध प्रोसेसिंग प्लांट बन रहा है और ग्वालियर के प्लांट का उन्नयन भी जारी है। किसानों को ऐप के माध्यम से दूध की उत्पादकता और भुगतान की जानकारी दी जा रही है। भुगतान व्यवस्था को अब सहकारी बैंकों से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
भोपाल-इंदौर मेट्रो में अब ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम
भोपाल और इंदौर के मेट्रो स्टेशन पर अब ऑटोमैटिक फेयर कनेक्शन सिस्टम शुरू हो रहा है। 27 अप्रैल से यात्रियों को मैन्युवली की जगह ऑनलाइन तरीके से ही टिकट मिलेगी। वहीं, टिकट और वॉलेट रिचार्ज पर छूट भी दी जाएगी।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) इस सिस्टम की शुरुआत करने जा रही है। भोपाल और इंदौर में ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFC) शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही मेट्रो यात्रियों को विशेष रियायत दी जाएगी।
महिला आरक्षण पर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
महिला आरक्षण पर अब भी सियासत जोरो पर है। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस भी सड़कों पर उतरेगी। भोपाल की सड़कों पर कांग्रेस पैदल मार्च करेगी। 26 अप्रैल को 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग की जाएगी। चुनावी फायदे के लिए बीजेपी पर 2023 के बिल को अटकाने के आरोप हैं। माता मंदिर से रोशनपुरा तक कांग्रेस मार्च करेगी। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इसकी अगुवाई करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

