शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में ‘मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना’ की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं।

राज्य की 208 ग्रामीण विधानसभाओं में ‘मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम’ विकसित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत अब तक प्रदेश के 129 ग्रामों में दूध समितियों का सफल गठन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूखे को लेकर बुलाई समीक्षा बैठक

मध्य प्रदेश के 12 जिलों में इस बार सामान्य से कम वर्षा होने के कारण सूखे जैसे हालात और जल संकट की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में अलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, हरदा और शाजापुर जिलों में कम बारिश की स्थिति पर मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आने वाले दिनों में जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि पेयजल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आम जनता को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, किसानों को कम पानी की खपत वाली फसलें लेने के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुरैना और इंदौर दौरे पर रहेंगे CM मोहन 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार मुरैना और इंदौर के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11:05 बजे भोपाल से मुरैना के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:45 बजे वहां पहुंचेंगे। मुरैना प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, जिला सलाहकार समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे और ‘सीएम संवाद’ कार्यक्रम के जरिए आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। 

इसके बाद दोपहर 3:45 बजे वे मुरैना से वापस भोपाल लौटेंगे और शाम 5:30 बजे समत्व भवन में संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम के सत्र में सीएम डॉ. यादव इंदौर के दौरे पर रहेंगे। वे शाम 7:05 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे, जहाँ ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 9वें अंतर्राष्ट्रीय सोया कॉन्क्लेव में शिरकत करेंगे। रात 9:20 बजे उनका इंदौर से वापस भोपाल लौटने का कार्यक्रम है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m