मध्य प्रदेश से आज की बड़ी और महत्वपूर्ण खबरें सामने आ रही हैं। प्रशासनिक फैसलों और अदालती कार्यवाहियों से लेकर प्रदेश की दिनभर की प्रमुख हलचलों पर एक नजर। आइए जानते हैं आज की सभी मुख्य सुर्खियों को विस्तार से
मोहन कैबिनेट की अहम बैठक, खेल ग्राउंड बनाने पर लगेगी मुहर
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय में आज सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में खेल ग्राउंड बनाने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में खेलों को बढ़ावा देना है। कैबिनेट से पहले मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे ‘कोर्टयार्ड बाय मैरियट’ में ऑल इंडिया डिस्कॉम रीजनल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे बलराम कृषि महोत्सव मऊगंज से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। दोपहर 3:20 बजे विशेष विमान से वे बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे, जहां शाम को वे इन्वेस्टर्स राउंडटेबल में निवेशकों से चर्चा करेंगे और रात 10:05 बजे भोपाल वापसी करेंगे।
सोशल मीडिया पर रीलबाज पुलिस अफसरों और कर्मियों पर कड़ा शिकंजा
मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर पुलिस की वर्दी पहनकर रील और वीडियो बनाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। DGP कैलाश मकवाणा द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, वर्दी में फोटो-वीडियो अपलोड करने, गोपनीय सरकारी दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट साझा करने और संवेदनशील जानकारी को ChatGPT या Gemini जैसे AI टूल्स पर अपलोड करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा बिना अनुमति सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर पाबंदी रहेगी और पूर्व में हुई आय का विवरण 30 दिनों के भीतर देना होगा। जांच या जनसुनवाई के दौरान पीड़ित, आरोपी या बाल अपराधियों की पहचान उजागर करने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल के 62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
भोपाल के रहवासी इलाकों में चल रहे 62 हजार 500 कमर्शियल प्रतिष्ठानों से जुड़े मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। 5 अगस्त के फैसले के बाद नगर निगम ने 8,084 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर 190 को सील किया था। व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद पिछले 22 दिनों से यह कार्रवाई रुकी हुई है। रहवासियों ने नगर निगम पर पक्षपात और गलत कार्रवाई के आरोप लगाते हुए सील किए गए प्रतिष्ठानों के दोबारा खुलने का दावा किया है। आज की सुनवाई से पहले नगर निगम और रहवासियों ने अपने-अपने दस्तावेज और एक्शन टेकन रिपोर्ट तैयार कर लिए हैं।
23 सितंबर को ‘नो UPI डे’: MDR चार्ज के विरोध में लामबंद हुए व्यापारी
2 हजार रुपये से अधिक के UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट शुल्क लगाने के विरोध में मध्य प्रदेश के व्यापारी लामबंद हो गए हैं। व्यापारियों ने सांकेतिक विरोध दर्ज कराने के लिए 23 सितंबर को ‘नो UPI डे’ मनाने का ऐलान किया है, जिसके तहत UPI क्यूआर कोड पर काला कपड़ा बांधा जाएगा। थोक किराना बाजार में 90 प्रतिशत से ज्यादा लेन-देन 2 हजार रुपये से ऊपर का होता है, जिससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है। इसके साथ ही 16 अक्टूबर से प्रदेश के 4,700 पेट्रोल पंपों पर भी 2 हजार से अधिक के UPI भुगतान के खिलाफ विरोध की रणनीति बनाई गई है।
नेहा पच्चीसिया की जमानत और FIR अर्जी पर सुनवाई
कटनी के कुठला थाने में दर्ज धोखाधड़ी, क्रिमिनल कॉस्पिरेसी और पद के दुरुपयोग के मामले में फरार चल रही निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की अर्जी पर आज जबलपुर हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं जुड़ने के बाद कोर्ट ने केस डायरी देखकर मामले को सिंगल बेंच से डबल बेंच में ट्रांसफर कर दिया था, जिसकी सुनवाई आज तय है। नेहा पच्चीसिया पर हत्या के आरोपी से सौदा कर उसकी करोड़ों की जमीन परिचितों के नाम करवाने और ट्रांसपोर्टर से रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप हैं। आज उनकी जमानत याचिका और FIR निरस्त करने की अर्जी पर कोर्ट का फैसला आ सकता है।
भोपाल के 35 इलाकों में आज 4 से 6 घंटे रहेगी बिजली कटौती
राजधानी भोपाल में बिजली कंपनी द्वारा चलाए जा रहे मेंटेनेंस कार्यों के चलते आज शहर के 35 से अधिक इलाकों में 4 से 6 घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। दानिश हिल्स व्यू, कान्हा कुंज, कमला नगर, फॉरच्यून कस्तूरी, दीपक सोसायटी, अशोका गार्डन, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रगति नगर, इंद्रलोक, भेल नगर, छत्तीसगढ़ कॉलोनी और वर्धमान नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे, 3 बजे और शाम 4 बजे तक अलग-अलग समय में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



