शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ जंग और तेज होने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में ‘नशा से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। भोपाल के प्रतिष्ठित रविंद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के डीजीपी भी मौजूद रहेंगे। अभियान आज से शुरू होकर 30 जुलाई तक पूरे मध्य प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। 

यह अभियान नशे की लत से युवाओं को दूर रखने, जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त समाज निर्माण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा। इस दौरान नशा विरोधी शपथ, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले भी नशा मुक्ति को अपनी प्राथमिकता बताई थी। ‘नशा से दूरी है जरूरी 2.0’ इस दिशा में सरकार का एक और बड़ा कदम है।  

मंत्रालय में होगी कैबिनेट बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। बैठक सुबह 11 बजे मंत्रालय में होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत फैसलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा लाए गए प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल विचार कर अंतिम फैसला लेगा। कैबिनेट बैठक में विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा होने की संभावना है। मंत्रिमंडल की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब प्रदेश में कई बड़े विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।   

CM मोहन यादव करेंगे भारत टैक्स 2026 में निवेशकों से संवाद

मध्य प्रदेश अब टेक्सटाइल क्षेत्र में वैश्विक पटल पर अपनी पहचान मजबूत करने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भारत टैक्स-2026 में निवेशकों से सीधा संवाद करेंगे। दिल्ली में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले भारत टैक्स-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश के टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए निवेशकों से संवाद करेंगे। इस दौरान उद्योग बैठकें, निवेश संवाद और एमओयू पर विशेष फोकस रहेगा। नये निवेश आकर्षित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। 

मध्य प्रदेश सरकार टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में बड़े निवेश लाने के लिए पूरी तैयारी के साथ इस वैश्विक मंच पर जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के लिए विशेष राउंड टेबल बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मंच का उपयोग मध्य प्रदेश को टेक्सटाइल हब बनाने और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजन करने के लिए करेंगे।

इंदौर से भोपाल तक कांग्रेस निकालेगी साइकिल यात्रा     

मध्य प्रदेश कांग्रेस अब सड़क पर उतर रही है। नीट और सीबीएसई पेपर लीक तथा बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक 200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूरी यात्रा में शामिल रहेंगे। यात्रा इंदौर के आरएनटी मार्ग से 14 जुलाई सुबह 8 बजे शुरू होगी। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल से लगभग 500-500 साइकिल यात्री यात्रा में जुड़ेंगे। पहले दिन यात्रा आष्टा में रात्रि विश्राम करेगी और 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए युवाओं के मुद्दों को उठाना चाहती है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m