शिखिल ब्यौहार, भोपाल। देशभर में आज भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी का पावन त्यौहार मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में भी रामनवमी को लेकर जोरदार तैयारियां की गई हैं और विभिन्न स्थानों पर भव्य आयोजन हो रहे हैं। रामनवमी के अवसर पर भोपाल में कई जगहों पर भगवान राम की भव्य शोभा यात्रा (भविष्य यात्रा) निकाली जाएगी। इन यात्राओं में राम दरबार की झांकियां, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और भक्तों के जयकारों से पूरा माहौल भक्ति से भर जाएगा।
एक प्रमुख भव्य रथ यात्रा 27 मार्च 2026 को शाम 5 बजे सिग्नेचर रेजीडेंसी, कोलार रोड भोपाल से शुरू होने वाली है। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों जैसे लक्ष्मी नारायण मंदिर, हनुमान मंदिर, राम मंदिर और अन्य स्थानों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिरों में रामनवमी को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। मंदिरों को फूलों, रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया है। भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की मूर्तियों पर विशेष अलंकार किया गया है। रामायण पाठ, विशेष आरती, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया जाएगा।
दिल्ली, रीवा और चित्रकूट दौरे पर रहेंगे सीएम डॉ मोहन
रामनवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दिल्ली में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश का भी दौरा करेंगे। वे शाम 5:00 बजे सतना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 8:00 बजे चित्रकूट में रामनवमी के अवसर पर आयोजित चित्रकूट गौरव दिवस के भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। चित्रकूट गौरव दिवस पर मां मंदाकिनी नदी के तट पर भव्य गंगा आरती, श्री राम प्राकट्य पर्व और लाखों दीपों से आलोकित कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से राम भक्तों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। डॉ. मोहन यादव रामनवमी के अवसर पर चित्रकूट धाम पहुंचकर भगवान श्री राम के आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।
हमीदिया अस्पताल में फिर हुआ हंगामा
राजधानी भोपाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया में एक बार फिर हंगामा हो गया। इलाज के लिए पहुंचे परिजनों के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि मामूली कहासुनी देखते ही देखते जमकर मारपीट में बदल गई। घटना हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई। शुरू में सिर्फ बहस चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट इतनी तेज हुई कि पूरे इमरजेंसी गेट पर हड़कंप मच गया। मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हमीदिया अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को समझाइश देकर परिसर से बाहर किया। किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना होने से बच गई, लेकिन इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हमीदिया अस्पताल में इस तरह के विवाद, मारपीट और हंगामे की घटनाएं होती रहती हैं। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे मरीजों के इलाज और अस्पताल के माहौल पर असर पड़ता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

