संजय पाटीदार, भोपाल। शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन आज राजधानी भोपाल में मां दुर्गा के स्वरूप मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। शहर के प्रसिद्ध करुणाधाम मंदिर समेत तमाम प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।

मान्यता है कि नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की उपासना करने से सभी प्रकार के भय और संकटों से मुक्ति मिलती है। मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और माता के जयकारों से पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। जगह-जगह हो रही विशेष सजावट के बीच भक्त मां के दरबार में हाजिरी लगाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

आंध्रप्रदेश के दौरे पर रहेंगे CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 17 अक्टूबर शनिवार को आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विजयवाड़ा और अमरावती में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों, मुलाकातों और विजयवाड़ा उत्सव में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम दोपहर करीब 1:05 बजे होटल ताज विवांता पहुंचेंगे। इसके बाद वे मंगलगिरी और अमरावती में प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 

शाम के वक्त मुख्यमंत्री अमरावती के प्रसिद्ध श्री कनक दुर्गा मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन और पूजन-अर्चन करेंगे। इसके बाद वे विजयवाड़ा उत्सव में शामिल होंगे और रात 8:30 बजे विमान से वापस भोपाल के लिए रवाना होकर रात 10:15 बजे अपने निवास पहुंचेंगे।

चंबल के लिए CM मोहन यादव की दिवाली पर बड़ी सौगात

मध्य प्रदेश के चंबल संभाग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली से पहले एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। चंबल क्षेत्र में जल्द ही एक भव्य संभाग स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें 1500 करोड़ रुपये का महा-निवेश धरातल पर उतरेगा।

इस निवेश के तहत हैदराबाद की एक दिग्गज कंपनी चंबल क्षेत्र में एक विशाल ग्लास यूनिट स्थापित करने जा रही है, जिसके लिए सरकार ने 27 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। इस यूनिट के शुरू होने से क्षेत्र के 2000 युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, चंबल एक्सप्रेस-वे के आसपास नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे इस इलाके में औद्योगिक विकास के नए द्वार खुलेंगे।

भोपाल में SIR में कटे 4.5 लाख नामों में 71 हजार फिर जुड़े

राजधानी भोपाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत काटे गए 4.50 लाख नामों में से अब तक 71 हजार मतदाताओं के नाम फिर से वोटर लिस्ट में जोड़ लिए गए हैं। निर्वाचन आयोग की आगामी तैयारियों के तहत अब 2 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

राहत की बात यह है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या अपडेट कराने के लिए अब साल 2003 के रिकॉर्ड की अनिवार्यता नहीं होगी। इस प्रक्रिया के तहत 31 अक्टूबर तक 2900 बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगे। इसके बाद 12 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी, जिस पर 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी और अंततः 4 जनवरी 2027 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m