शिखिल ब्यौहार, भोपाल। अभियंता दिवस (Engineers’ Day) के अवसर पर आज राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस वर्ष यह राज्य स्तरीय समारोह ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ की विशेष थीम पर आयोजित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की अधोसंरचना (Infrastructure) को मजबूत बनाने और जन-कल्याणकारी निर्माण कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अभियंताओं के प्रयासों को सम्मानित करना है।
उत्कृष्ट काम करने वाले इंजीनियर और एजेंसियां होंगी सम्मानित
समारोह के दौरान राज्य के बुनियादी ढांचे के निर्माण में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इंजीनियरों, विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को ‘लोक निर्माण पुरस्कार’ से अलंकृत किया जाएगा। विजेताओं का चयन लोक निर्माण विभाग (PWD), मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) और भवन विकास निगम से प्राप्त प्रस्तावों की कड़ी जांच एवं मूल्यांकन के बाद किया गया है।
मेधावी छात्रों को 19 सितंबर को मिलेगी ई-स्कूटी
प्रदेश के सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों को 19 सितंबर को बड़ी सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को ई-स्कूटी देंगे। यह योजना 12वीं में 70% अंक के साथ स्कूल में प्रथम स्थान लाने वाले नियमित विद्यार्थियों के लिए है। इसमें सभी संकायों के छात्र शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे कॉलेज आने-जाने में आसानी होगी और उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। अब तक इस योजना में 23 हजार से ज्यादा छात्रों को लाभ मिल चुका है और सरकार करीब 246 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी आएंगे भोपाल
समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) को लेकर देश में जारी राजनीतिक घमासान के बीच राजधानी भोपाल का सियासी पारा चढ़ गया है। All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM) के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी आज भोपाल दौरे पर आ रहे हैं।वे शहर के ऐतिहासिक सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और यूसीसी के खिलाफ अपनी बात रखेंगे।
यूसीसी विरोध मुहिम का भोपाल में समापन
AIMIM द्वारा देशभर में चलाए जा रहे यूसीसी-विरोधी अभियान की यह समापन सभा है। पार्टी की इस राष्ट्रीय मुहिम को अंतिम पड़ाव तक पहुँचाने के लिए ओवैसी भोपाल पहुँच रहे हैं, जहाँ वे एक बड़ी जनसभा (तकरीर) को संबोधित करेंगे।
सीएम डॉ. मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
- सुबह 10:00 बजे: मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए अहम चर्चा।
- सुबह 11:10 बजे: कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुँचकर राज्य स्तरीय ‘अभियंता दिवस समारोह’ में शिरकत करेंगे।
- दोपहर 12:20 बजे: रवींद्र भवन पहुँचकर आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- दोपहर 01:45 बजे: मंत्रालय पहुँचेंगे और वर्चुअली दमोह में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ से जुड़ेंगे।
- दोपहर 02:00 बजे: कैबिनेट ब्रीफिंग।
- दोपहर 02:15 बजे: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी।
- दोपहर 03:45 बजे: ‘कैबिनेट कमेटी ऑन इनवेस्टमेंट प्रमोशन’ (CCIP) की बैठक।
- शाम 04:15 बजे: विभिन्न जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



