संजय पाटीदार, भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (IBCA) के प्री-समिट इवेंट का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय वानिकी प्रबंधन संस्थान (IIFM) ऑडिटोरियम, भोपाल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जैव विविधता संरक्षण, बिग कैट संवर्धन और विशेष रूप से चीता संरक्षण पर विस्तृत चर्चा होगी। डिजिटल पोर्टल और संरक्षण आधारित फिल्मों का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में जैव विविधता संरक्षण को लेकर जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। 

मुख्य अतिथि और उपस्थिति

कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और मध्य प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मैराथन बैठक का दूसरा दिन

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मैराथन समीक्षा बैठक का आज दूसरा दिन है। आज वे ऊर्जा, खाद्य और आयुष विभाग की कार्यप्रगति की समीक्षा करेंगे। यह बैठक मंत्रालय, भोपाल में आयोजित हो रही है। समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के मंत्री, प्रमुख सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

बैठक का कार्यक्रम

  • ऊर्जा विभाग की समीक्षा
  • खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभागकी समीक्षा
  • आयुष विभाग की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, लक्ष्यों की पूर्ति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करेंगे। कल यानी बैठक के पहले दिन मुख्यमंत्री ने 6 विभागों की बैक-टू-बैक समीक्षा की थी। आज के सत्र के साथ यह मैराथन समीक्षा और तेज हो गई है।

मप्र राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का हुआ गठन

मध्य प्रदेश सरकार ने व्यापारियों के हितों को मजबूत करने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस बोर्ड के अध्यक्ष होंगे। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा गठित राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के उद्देश्यों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। साथ ही प्रदेश से अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देना और व्यापारियों के कल्याण को सुनिश्चित करना शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m