भोपाल। MP Morning News Today: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जम्मू-कश्मीर दौरे पर रहेंगे। सीएम 8:50 बजे जम्मू एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 9:00 से 9:30 बजे जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे। 10:00 से 11:15 बजे गुलमर्ग (बारामूला) पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 12:45 से 2:00 बजे श्रीनगर के लोकभवन में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 3:40 से 4:00 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 4:10 से 6:10 बजे श्रीनगर से भोपाल के लिए उड़ान भरेंगे। 6:25 बजे सीएम मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
भोपाल में संगत आर्टिस्ट मीट का आयोजन
शहर के कलाकारों के लिए ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट का आयोजन शनिवार को किया जा रहा है। यह आयोजन शाम 7 बजे से चूनाभट्टी स्थित छतनारा आर्ट होम में होगा। आयोजकों के अनुसार ‘संगत’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कलाकारों के बीच रचनात्मक संवाद और कला के आदान-प्रदान का मंच है। कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन या प्रस्तुति दे सकेंगे। कार्यक्रम में लाइव परफॉर्मेंस, कला चर्चा और रचनात्मक संवाद होंगे।
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर शोभायात्रा कल
अहिल्याबाई देवी होल्कर की 301वीं जयंती हर्षोल्लास से मनाने के लिए 31 मई को शाम 5 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। पाल समाज कृष्ण गोवर्धन गिरिराज मंदिर समिति व उपाध्यक्ष जयराम बघेल के अनुसार इसमें राजधानी के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग शामिल होंगे।
अपंजीकृत संस्थानों की सूचना देने पर होगी कार्रवाई
श्रम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे “श्रम प्रहरी” बनकर अपंजीकृत संस्थानों और निर्माण स्थलों की सूचना दें, ताकि श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-8888 पर दी जा सकती है। पंजीकृत स्थलों की ऑनलाइन सूची labour.mp.gov.in पर उपलब्ध है। पंजीकरण न कराने वाले कारखानों पर अधिकतम ₹1 लाख जुर्माना या 2 वर्ष तक कारावास का प्रावधान है।
वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव का आयोजन आज
भारतीय ज्ञान-विज्ञान की प्राचीन धरोहर को समर्पित ‘वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव’ का आयोजन 30 मई को होगा। मालवीय नगर के रत्नवाला सभागार में सुबह 10:30 से शाम 6 बजे तक चलने वाला यह कार्यक्रम ज्योतिष शास्त्र पर गहन मंथन, शोध-परक विमर्श और साझा संवाद का मंच बनेगा।

