भोपाल। मध्यप्रदेश के राजनीतिक गलियारों से लेकर शिक्षा और जनहित से जुड़ी आज सुबह की तमाम बड़ी और अहम खबरें, जो आज दिनभर सुर्खियों में छाई रहेंगी।

CM डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा; दतिया उपचुनाव और नर्मदा प्रोजेक्ट पर होगी बड़ी बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस दौरे पर दतिया विधानसभा उपचुनाव की रणनीतियों और टिकट वितरण को लेकर भी अहम मंथन हो सकता है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री शाम 5 बजे नर्मदा परियोजना के लंबित मुद्दों के संबंध में एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होकर प्रदेश के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

MP में 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का परिणाम दोपहर 2 बजे होगा जारी

मध्यप्रदेश के 5वीं और 8वीं कक्षा के उन लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है, जिन्होंने पुनः परीक्षा (Re-exam) दी थी। राज्य शिक्षा केंद्र आज दोपहर 2 बजे अपने ऑफिशियल पोर्टल पर रिजल्ट घोषित करेगा।

परीक्षा की तारीख: यह परीक्षा 16 से 23 जून तक आयोजित की गई थी।

प्रदेशभर में शासकीय, अशासकीय स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के 2.49 लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनकी कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 322 केंद्र बनाए गए थे।

‘प्रमोशन में आरक्षण’ मामला: हाई कोर्ट की नई बेंच में होगी सुनवाई

मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों से जुड़े सबसे बड़े और बहुचर्चित ‘प्रमोशन में आरक्षण’ मामले में आज अहम दिन है। हाई कोर्ट ने इस मामले को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया व न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की युगलपीठ के समक्ष आज यानी 7 जुलाई को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। गौरतलब है कि 17 फरवरी 2026 को इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया गया था लेकिन जजों के ट्रांसफर और पदोन्नति के कारण फैसला टल गया था, जिस पर आज नए सिरे से तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

पीथमपुर में 35 साल पुरानी दुकानों पर चलने वाली है जेसीबी!

औद्योगिक नगरी पीथमपुर में आवासीय संपत्तियों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। विभाग द्वारा दुकानदारों को दी गई 5 दिन की अंतिम मोहलत खत्म हो चुकी है, जिसके बाद अब कानूनी हथौड़ा चलना तय माना जा रहा है।

सैकड़ों परिवार प्रभावित

इस कार्रवाई की जद में आने से पिछले 35 वर्षों से रोजी-रोटी कमा रहे सैकड़ों छोटे दुकानदारों और परिवारों की आजीविका दांव पर लग गई है। सीएम से गुहार: प्रभावित रहवासियों ने जीवनभर की जमा-पूंजी और बैंक लोन लेकर यह व्यापार खड़ा किया था। नेताओं से आश्वासन न मिलने के बाद अब पीड़ित परिवारों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस कार्रवाई को रोकने और बीच का रास्ता निकालने की भावुक अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m