संजय पाटीदार, भोपाल। शारदीय नवरात्रि का आज पांचवां दिन है। राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में आज मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता की उपासना से भक्तों को सुख-समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर आज सुबह से ही भोपाल के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ, हवन और भव्य आरती की तैयारियां की गई हैं। सुबह से ही भक्त कतारों में लगकर मां के दर्शन कर रहे हैं और माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा है, जिससे चारों ओर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार दिनभर व्यस्त कार्यक्रमों में रहने वाले हैं। वे आज मंत्रालय में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा को लेकर मैराथन बैठकें करेंगे। मुख्यमंत्री के आज के प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- सुबह 11 बजेमंत्रालय में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।
- दोपहर 1 बजे श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।
- दोपहर 1:30 बजे नर्मदा घाटी विकास, राजस्व, जल संसाधन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की बैठकों में समीक्षा करेंगे।
- दोपहर 2:30 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के साथ बैठक होगी।
- दोपहर 2:45 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
- दोपहर 3 बजे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के साथ चर्चा की जाएगी।
- शाम 4:40 बजे समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए जुड़ेंगे।
- रात 8:45 से 9 बजे के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के जंबूरी मैदान पहुंचेंगे, जहाँ वे आयोजित ‘भोजपाल गरबा महोत्सव’ में शामिल होकर गरबा प्रेमियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
शिक्षक भर्ती 2025 वर्ग 2 और 3 के उम्मीदवारों के आंदोलन का आज 56वां दिन
मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग 2 और 3 के अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन आज 56वें दिन में प्रवेश कर चुका है। लगातार मांगें पूरी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए आज ‘सीएम हाउस घेराव’ की हुंकार भरी है।
राजधानी भोपाल में पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे ये अभ्यर्थी आज मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अमला भी पूरी तरह सतर्क हो गया है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रित बनी रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

