संजय पाटीदार, भोपाल। शक्ति की उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्र का आज दूसरा दिन है। पहले दिन कलश स्थापना और मां शैलपुत्री की आराधना के बाद, आज भक्त श्रद्धा और उल्लास के साथ मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। राजधानी भोपाल के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में अहले सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
दिल्ली और मंडला दौरे पर रहेंगे CM डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंडला जिले के दौरे के साथ-साथ राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण बैठकों और दिल्ली प्रवास पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम
- मंडला दौरा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सबसे पहले मंडला पहुंचेंगे, जहाँ वे स्थानीय कार्यक्रमों और आयोजनों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों से मिलेंगे।
- कैबिनेट बैठक: मंडला के कार्यक्रम के बाद वे भोपाल लौटेंगे और दोपहर 3 बजे मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों और नीतिगत प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
- अभिनंदन कार्यक्रम: शाम 5 बजे मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
- दिल्ली प्रस्थान : शाम को सभी बैठकों और कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 6:25 बजे वायुमार्ग द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर भोपाल मंडल से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व जैसे बड़े त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से मध्य प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में काफी आसानी होगी।
इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें:
- रानी कमलापति – दानापुर स्पेशल ट्रेन: यात्रियों की सुविधा के लिए रानी कमलापति और दानापुर के बीच आज से स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है।
- रीवा – रानी कमलापति स्पेशल: रीवा और रानी कमलापति के बीच अक्टूबर और नवंबर महीने के दौरान कुल 4-4 फेरे लगाए जाएंगे, जिससे विंध्य और राजधानी के बीच सफर आसान होगा।
- रीवा – डॉ. अंबेडकर नगर (महू) स्पेशल: त्योहारी भीड़ को देखते हुए रीवा से डॉ. अंबेडकर नगर के बीच भी विशेष पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये स्पेशल ट्रेनें यात्रा मार्ग के दौरान प्रमुख स्टेशनों जैसे भोपाल, बीना, इटारसी और विदिशा समेत अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे आसपास के जिलों के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिल सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

