भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और कानूनी गतिविधियों का हलचल भरा दिन है। प्रदेशभर में व्यापारी 2,000 रुपये से अधिक के ऑनलाइन भुगतान पर MDR शुल्क के विरोध में ‘नो UPI डे’ मना रहे हैं। वहीं, शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए 17 अफसरों के तबादले किए हैं। जानिए आज सुबह की सभी बड़ी और प्रमुख खबरें:
सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का शेड्यूल: बैठकों और लोकार्पण का दौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में कई महत्वपूर्ण शासकीय बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादिव सुबह 11:15 बजे पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ, विमोचन और लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12:35 से 1:55 बजे तक मंत्रालय में स्कूल शिक्षा, राजस्व, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत-ग्रामीण विकास तथा नगरीय विकास विभाग की समीक्षा बैठक। दोपहर 2:10 बजे तक सीधी के ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में वीसी (VC) के जरिए सहभागिता। दोपहर 2:30 बजे तक सामान्य प्रशासन विभाग के साथ बैठक। दोपहर 3:00 बजे होटल जहांनुमा में स्थानीय कार्यक्रम और शाम 4:30 बजे सिंहस्थ महापर्व को लेकर संगोष्ठी व ‘समत्व’ में भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा।
‘नो UPI डे’: 2,000 रुपये से ज्यादा के ऑनलाइन पेमेंट पर MDR का विरोध
2,000 रुपये से अधिक के UPI भुगतान पर लगने वाले संभावित MDR चार्ज के विरोध में आज प्रदेशभर के व्यापारियों ने ‘नो UPI डे’ का ऐलान किया है। व्यापारी UPI स्कैनर पर काला कपड़ा डालकर अपना सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे। कारोबारियों का कहना है कि थोक किराना व्यापार में 90% से ज्यादा का लेन-देन 2,000 रुपये से ऊपर होता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इसके बाद 16 अक्टूबर से प्रदेश के 4,700 पेट्रोल पंपों पर भी 2,000 रुपये से ऊपर के UPI भुगतान का विरोध करने की तैयारी है।
प्रशासनिक फेरबदल: 17 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अफसरों के तबादले
सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 17 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जिनमें सतना जिला पंचायत CEO शैलेंद्र सिंह को दतिया जिला पंचायत का CEO और सपना त्रिपाठी को सतना जिला पंचायत का CEO बनाया गया है। प्रियंका वर्मा को अवर सचिव GAD नियुक्त किया गया है। वहीं पीयूष भट्ट को संयुक्त कलेक्टर रीवा से उपायुक्त रीवा संभाग, हृतेन्द्र घोरमार को शहडोल संभाग में उपायुक्त, मायाराम कोल को सागर संभाग में उपायुक्त तथा कैलाश चन्द्र ठाकुर को खरगोन का संयुक्त कलेक्टर पदस्थ किया गया है।
तबादले के बाद पदभार न संभालने वाले अफसरों पर कार्रवाई
अगस्त और सितंबर महीने में हुए तबादलों के बाद भी नवीन पदस्थापना स्थल पर प्रभार न संभालने वाले अफसरों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 17 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त (Relieve) करते हुए नए पदस्थापना स्थल पर तुरंत प्रभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया मामला: आज हाईकोर्ट की डबल बेंच में सुनवाई
कटनी के कुठला थाने में दर्ज धोखाधड़ी, क्रिमिनल कॉन्स्पिरेसी और पद के दुरुपयोग के मामले में फरार चल रहीं निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की जमानत व FIR निरस्त कराने की अर्जी पर आज मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की डबल बेंच में सुनवाई होगी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं जुड़ने के बाद मामला सिंगल से डबल बेंच में ट्रांसफर किया गया था। आरोप है कि उन्होंने हत्या के आरोपी को बरी करने के एवज में 1 करोड़ रुपये की जमीन 18 लाख रुपये में अपने परिचितों के नाम करवाई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



