शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल के लिए आज का दिन बेहद सरगर्मियों भरा रहने वाला है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ भोपाल के बड़े हिस्से में आज और कल पानी की किल्लत रहने वाली है। आइए जानते हैं आज सुबह की 5 बड़ी और महत्वपूर्ण ख़बरें:
मोहन यादव कैबिनेट की बैठक: ‘स्वामित्व योजना’ के तहत 48 लाख परिवारों को मिलेगी मुफ्त रजिस्ट्री
आज सुबह 11:00 बजे मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगेगी, जिसमें सबसे खास स्वामित्व योजना से जुड़ा प्रस्ताव है।
सरकार प्रदेश के करीब 48 लाख परिवारों की संपत्ति की रजिस्ट्री बिल्कुल मुफ्त करवाएगी। इन सभी हितग्राहियों को सरकार पहले ही प्रॉपर्टी के कानूनी दस्तावेज यानि संपत्ति कार्ड बनाकर दे चुकी है, जिसे अब रजिस्ट्री में बदला जाएगा।
मुख्यमंत्री का आज का शेड्यूल: वीआईपी व्यस्तताओं के बीच विभागों की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बैठकों और कार्यक्रमों में काफी व्यस्त रहेंगे। उनका आज का पूरा शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:
सुबह 10:30 बजे: विधानसभा परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर के पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुबह 11:00 बजे: मंत्रालय में कैबिनेट की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
दोपहर 01:30 बजे: मंत्रालय में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
दोपहर 03:00 बजे: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की बड़ी समीक्षा बैठक लेंगे।
भोपाल में जल संकट: आज और कल 75 इलाकों में नहीं आएगा पानी
भोपाल वासियों के लिए आज और कल का दिन मुश्किलों भरा हो सकता है। कोलार ग्रेविटी मेन लाइन में आवश्यक सुधार और मेंटेनेंस कार्य के चलते राजधानी के 75 इलाकों में दो दिनों तक पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी।
नगर निगम ने दावा किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। शाहपुरा, अरेरा कॉलोनी, चार इमली, शिवाजी नगर, चूना भट्टी, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, एमपी नगर जोन-2, गुलमोहर, तुलसी नगर, माता मंदिर, बुधवारा, इतवारा, सिंधी कॉलोनी, हमीदिया रोड और निशातपुरा समेत कई ज़ोन के इलाके शामिल हैं।
मिशन ‘मालवा-निमाड़’: कांग्रेस संगठन को मजबूत करने आज से मैदान में हरीश चौधरी
चुनावों के बाद कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद में जुट गई है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी आज से मालवा-निमाड़ अंचल के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
इस दौरान हरीश चौधरी जिला, विधानसभा, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। 4 दिनों के इस दौरे में कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए बूथ स्तर तक संगठन की ताकत टटोली जाएगी।
ट्विशा केस: रिमांड खत्म, आज दोपहर 2 बजे CBI कोर्ट में समर्थ और पूर्व जज को करेगी पेश
हाई-प्रोफाइल ट्विशा मामले में गिरफ्तार आरोपी समर्थ और उसकी मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह की सीबीआई रिमांड आज खत्म हो रही है। सीबीआई दोनों को दोपहर 02:00 बजे कोर्ट में पेश करेगी।
सूत्रों के अनुसार, कल पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मारपीट और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका दावा है कि ट्विशा के साथ उनके संबंध सामान्य थे।
सीबीआई इन बयानों का उपलब्ध सबूतों से मिलान कर रही है। कल दोपहर ही घटनाक्रम का रीक्रिएशन कराया जा चुका है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए सीबीआई आज कोर्ट से इनकी रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।

