शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में आज निगम-मंडलों और विभिन्न आयोगों के नव नियुक्त अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इस कार्यक्रम में एक सत्र का प्रशिक्षण देंगे।
नेताओं की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश सरकार उन्हें उनके कामकाज और अधिकारों की पूरी जानकारी देने जा रही है। अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं प्रशासन संस्थान, भोपाल में आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
कार्यक्रम में 18 विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी नव नियुक्त अध्यक्षों को उनके निगम-मंडल और आयोग से संबंधित काम, जिम्मेदारियों और अधिकारों की विस्तार से जानकारी देंगे।
मोहन कैबिनेट के मंत्रियों की परीक्षा का दौर जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 मई को मंत्रियों के एक-एक काम का हिसाब लिया। उनसे पूछा कि उनके प्रभार वाले जिलों में कितना काम हुआ है, सरकार की योजनाएं-नीतियां समाज के सबसे निचले हिस्से तक कितनी पहुंची हैं। उन्होंने मंत्रियों से पूछा कि उनके विभाग के कामों की क्या स्थिति है और उनके विभाग की उपलब्धियां क्या रहीं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से ये भी पूछा कि चुनाव के समय जो वायदे जनता से किए गए थे, वे कितने पूरे हुए।
इसी तरह संगठन पदाधिकारियों ने भी सत्ता-संगठन का तालमेल जांचा। उन्होंने भी मंत्रियों से बातचीत की और संगठन की बैठकों की जानकारी ली। सीएम डॉ. यादव और संगठन पदाधिकारियों ने रविवार को 20 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की। वहीं आज यानी 18 मई को 11 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की जाएगी। इन बैठकों में निगल मंडल के पदाधिकारियों को शासन-प्रशासन के मंत्र दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक सीएम हाउस के समत्व भवन में मंत्रियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। यह लगातार दूसरा दिन है जब सीएम मंत्रियों से व्यक्तिगत चर्चा कर रहे हैं। 11:30 बजे मुख्यमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं प्रशासन संस्थान पहुंचेंगे, जहां नव नियुक्त निगम-मंडलों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। वे इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम दोपहर 3 बजे भोपाल से रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर पहुंचकर वे जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल होंगे। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

