संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में अब गर्मी का सबसे खतरनाक दौर शुरू होने जा रहा है। 25 मई से शुरू हो रहा नौतपा इस बार लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले आने वाले नौतपा के नौ दिनों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी दिन में सड़कें तपेंगी, हवा आग बरसाएगी और लू लोगों को बेहाल कर देगी।
25 मई को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा सूर्य
हिंदू पंचांग के अनुसार 25 मई को दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा। इसी के साथ नौतपा की शुरुआत होगी, जो 2 जून तक चलेगा। मौसम विज्ञान और ज्योतिष दोनों ही नजरियों से इस अवधि को बेहद अहम माना जाता है। माना जाता है कि इन नौ दिनों की गर्मी ही मानसून और बारिश के मिजाज का संकेत देती है।हालांकि तपिश के इस दौर में थोड़ी राहत के संकेत भी हैं।
तेज हवाएं चल सकती हैं
मौसम विभाग के मुताबिक शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं एक अच्छी खबर यह भी है कि मानसून इस बार तय समय से पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। अगर ऐसा होता है तो जून की शुरुआत में मध्यप्रदेश को भी राहत मिल सकती है।
भोपाल में फिलहाल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राजधानी भोपाल में फिलहाल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।
अग्नि परीक्षा से कम नहीं नौ दिन
इन नौ दिन प्रदेशवासियों के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होंगे। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने, ज्यादा पानी पीने और लू से बचाव करने की सलाह दी है।

