शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के राजस्व विभाग में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी वाली खबर आई है। प्रदेश में जल्द ही 73 नए नायब तहसीलदार मिलने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश शासन के राजस्व विभाग ने सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस परीक्षा के जरिए पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI) और लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को पदोन्नति पाकर अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
73 पदों पर होगी भर्ती; जानिए वर्गवार पदों का गणित
राजस्व विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 73 पदों पर नायब तहसीलदारों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। इन पदों को दो प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है:
लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग: 46 पद
पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक (RI) संवर्ग: 27 पद
खास बात यह है कि इस परीक्षा में बाहर का कोई भी सीधा उम्मीदवार आवेदन नहीं कर पाएगा। केवल मध्य प्रदेश राजस्व विभाग में पहले से कार्यरत पात्र कर्मचारी ही इसमें भाग ले सकेंगे।
17 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, 14 नवंबर को परीक्षा संभव
विभागीय परीक्षा के लिए समय-सारणी घोषित कर दी गई है:
ऑनलाइन आवेदन: 17 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 1 अक्टूबर 2026
आवेदन पत्र में संशोधन की अवधि: 6 अक्टूबर 2026 तक
संभावित परीक्षा तिथि: 14 नवंबर 2026 से प्रारम्भ
परीक्षा केंद्र: भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन शहर।
पात्रता की शर्तें: 5 साल का अनुभव और स्नातक अनिवार्य
उम्मीदवारों के पास निम्नलिखित योग्यताएं होना आवश्यक है
कार्य अनुभव: अभ्यर्थी का राजस्व विभाग में लिपिक, पटवारी या राजस्व निरीक्षक (RI) के रूप में कम से कम 5 वर्ष की स्थायी या स्थानापन्न सेवा का अनुभव होना अनिवार्य है।
शैक्षणिक योग्यता: किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला (Arts), विज्ञान (Science), वाणिज्य (Commerce) या कृषि (Agriculture) विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री होनी चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



