शब्बीर अहमद, भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज गुरुवार को भोपाल के सबसे बड़े फ्लाईओवर का लोकार्पण किया. उन्होंने जीजी फ्लाईओवर का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा की. अब यह फ्लाईओवर बाबा साहेब के नाम से जाना जाएगा.
इसके अवाला सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के बावड़ियां में एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि रायसेन, बैरसिया, विदिशा जिलों को मिलाकर वृहद राजधानी परियोजना बनाएंगे. जिससे इन क्षेत्रों में यातायात और कनेक्टिविटी में सुधार होगा. बात दे कि यह फ्लाईओवर गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर के बीच 154 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है.
फ्लाईओवर की खसियात
शहर के मैदा मिल मार्ग पर गायत्री मंदिर से डीबी मॉल चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, प्रगति चौराहा से मानसरोवर कॉम्प्लेक्स होते हुए गणेश मंदिर तक निर्मित फ्लाई ओवर 2900 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा है. यह मैदा मिल मार्ग को विद्या नगर, शक्ति नगर, कस्तूरबा नगर, साकेत नगर, दानिश नगर, आशिमा मॉल और एम्स जैसे प्रमुख रिहायशी और वाणिज्यिक क्षेत्रों से जोड़ता है.
इसके अलावा, औबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग को सुगम बनाएगा. यह फ्लाईओवर डीबी मॉल, बोर्ड ऑफिस, प्रगति पेट्रोल पंप और मानसरोवर चौराहे जैसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर यातायात का दबाव कम करेगा. प्रारंभिक आंकलन के अनुसार 60% यातायात इस फ्लाईओवर से गुजरेगा, जबकि शेष 40% यातायात पुराने मार्गों का उपयोग करेगा.

