मुकेश मेहता, बुधनी। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध सलकनपुर देवी धाम से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं पर  जानलेवा हमला किया गया। इतना ही नहीं, श्रद्धालुओं की कार में भी तोड़फोड़ की गई। पूरा विवाद सिर्फ 20 रुपये की रसीद को लेकर शुरू हुआ, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, देवास जिले से पांच युवक सलकनपुर देवी धाम में दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर के ऊपर जाने वाले क्षेत्र में जाने वाले वाहनों से 20 रुपये की रसीद काटी जाती है। इसी दौरान श्रद्धालुओं और वहां मौजूद कर्मचारियों के बीच ऑनलाइन और ऑफलाइन भुगतान को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने ऑनलाइन भुगतान लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कुछ देर तक बहस हुई। हालांकि बाद में श्रद्धालुओं ने नकद भुगतान कर मामला शांत कर दिया और माता के दर्शन करने चले गए।

दर्शन के बाद जब श्रद्धालु वापस अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां पहले से ही करीब 20 लोग मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने पांचों युवकों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी  कार में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। मारपीट इतनी गंभीर थी कि वहां से गुजर रहे अन्य श्रद्धालु भी इसकी चपेट में आ गए और उन्हें भी चोटें आईं।

पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग मंदिर समिति के कर्मचारी थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। वहीं, करणी सेना ने भी इस घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है।

सलकनपुर देवी धाम में इन दिनों देवी लोक का निर्माण कार्य चल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में यदि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर इस तरह के सवाल उठते रहे तो इसका सीधा असर आस्था पर पड़ सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर श्रद्धालुओं पर हमला करने वालों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है? मंदिर समिति, पुलिस और प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m