हेमंत शर्मा, इंदौर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को महू में आयोजित कांग्रेस की जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली की शुरुआत की। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए। इस दौरान मंच से राहुल गांधी का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। वीडियो में राहुल गांधी भगवान खाटू श्याम की तस्वीर लेने से इंकार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं इसका वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने इस पर निशाना साधते हुए इसे कांग्रेस और राहुल गांधी की असलियत बता दी।
READ MORE: मीडिया को घेरने पर राहुल गांधी पर बीजेपी हमलावर: मीडिया प्रभारी ने X पर लिखा- ‘घृणित-दमनकारी’ नजर ‘जय बापू. जय भीम. जय संविधान’ का अपमान ही है!
नरेंद्र सलूजा ने X पर ट्वीट कर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी का मंच से तस्वीर नहीं लेने वाला वीडियो पोस्ट कर उन पर और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सलूजा ने कहा कि ये कांग्रेस और राहुल गांधी की असलियत है। कहने को तो जय भीम रैली और दूसरी तरफ़ बाबा साहेब की प्रतिमा लेने के लिए खड़े तक नहीं हुए और खाटू श्याम की तस्वीर लेने से साफ इनकार कर दिया।
कार्यकर्ता ने मंच पर भेंट करनी चाही तस्वीर
दरअसल महू में आयोजित कार्यक्रम में एक कांग्रेसी कार्यकर्ता ने राहुल गांधी को भगवान खाटू श्याम की तस्वीर भेंट करनी चाही। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने सभी लोगों से मोमेंटो लिया। लेकिन खाटू श्याम की तस्वीर लेने से इनकार कर दिया। तस्वीर हाथ में ना लेते हुए राहुल गांधी ने उसे साइड में रखने का इशारा करते दिखाई दिए। वहीं अब ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिस पर सियासत भी गरमा गई है।
इधर झंडा उठाने वालों को नहीं मिली मजदूरी, पहुंच गए थाने
राहुल गांधी की सभा में पहुंचे किराए के कार्यकर्ताओं को झंडा उठाने की मजदूरी नहीं मिली तो वे सीधे थाने पहुंच गए। NSUI कार्यकर्ताओं और नेताओं पर पैसे नहीं देने का युवकों ने आरोप लगाया है। नेताओं ने झंडा उठाने और भीड़ के लिए पैसे देकर लोगों को लाया था। 500 रुपए प्रति व्यक्ति देने की उनसे बात की गई थी। लेकि कार्यक्रम खत्म होने के बाद नेताओं ने अपने फोन बंद कर लिए। मजदूर अपने पैसे की वसूली के लिए किशनगंज थाने पहुंचे और एनएसयूआई नेताओं से पैसे दिलाने की गुहार लगाई।

