शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बच्चों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इस गंभीर प्रशासनिक और स्वास्थ्य लापरवाही के मुद्दे पर  प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कल बालाघाट दौरे पर रहेंगे, जहां वे पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा करेंगे।

जनसभा को संबोधित कर कलेक्टर कार्यालय का करेंगे घेराव 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जीतू पटवारी बालाघाट पहुंचकर 32 आदिवासी बच्चों की मौत के मामले और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के माध्यम से राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की नाकामियों को उजागर किया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता जीतू पटवारी के नेतृत्व में बालाघाट कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।

लगातार बढ़ रहा है मौतों का आंकड़ा 

बालाघाट में बैगा समुदाय के बच्चों की मौतों का आंकड़ा 32 तक पहुंच चुका है, जिसे लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और समय पर इलाज न मिलने के आरोपों के बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की तैयारी कर ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m