उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर में भाजपा पार्षद की कार पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाश पार्षद की कार तक पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने घटना के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
नगर पालिका मकरोनिया के पार्षद विजय गौतम ने बताया कि दो युवक बाइक से आए और घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग कर दी। गोली कांच पार करते हुए सीट में जा लगी। जैसे ही उन्होंने आवाज सुनी, घर से बाहर निकलकर देखा, लेकिन बदमाश तब तक फरार हो चुके थे। उन्होंने मोबाइल में देखा तो फुटेज देखकर वह सन्न रह गए। जिसके बाद फौरन मामले की शिकायत मकरोनिया थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद कारणों का खुलासा होगा। लेकिन दिन दहाड़े इस फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में डर का माहौल है और बाहर निकलने से भी घबरा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

