संजय पाटीदार, भोपाल। अगर आप बाज़ार जा रहे हैं और सोच रहे हैं कि किलो-दो किलो प्याज खरीदकर झोले में डाल लें, तो जरा अपने दिल पर हाथ रख लीजिए! मध्य प्रदेश के किचन में राज करने वाला प्याज अब सेब और अनार की तरह भाव खाने लगा है। जो प्याज कल तक 30 रुपये किलो में आपकी सब्जियों में तड़का लगा रहा था वो अब सीधे डबल होकर 55 से 60 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है।

तीन महीने में 82% उछाल, अब काटने की जरूरत ही नहीं… देखते ही आंसू आ जाएं!

कहते हैं कि प्याज को काटने पर आंसू आते हैं लेकिन अब तो सब्जी मंडी में इसके दाम सुनते ही आम आदमी की आंखों में आंसू छलक रहे हैं। बीते 3 महीनों के भीतर प्याज के दामों में 82 प्रतिशत की तगड़ी तेजी दर्ज की गई है। आलम यह है कि जो लोग पहले सलाद की थाली में प्याज के लंबे-लंबे छल्ले सजाते थे, अब वो सब्जी में भी आधा प्याज डालकर बाकी आधा फ्रिज में ‘तिजोरी’ की तरह छिपाकर रख रहे हैं।

पुराना स्टॉक खत्म, महाराष्ट्र-कर्नाटक से सप्लाई घटी…

व्यापारियों का कहना है कि प्याज का पुराना स्टॉक धीरे-धीरे खत्म हो चुका है और नए स्टॉक का नामोनिशान नहीं है। रही-सही कसर महाराष्ट्र और कर्नाटक से होने वाली आवक ने पूरी कर दी, जहां से सप्लाई में भारी गिरावट आई है। अब जब सप्लाई का दबाव बढ़ा, तो प्याज ने भी अपना रंग दिखा दिया और सीधा आसमान की तरफ उड़ चला।

किचन का बजट बिगड़ा, होटल-ठेले वालों ने भी दी चेतावनी

प्याज के इस कद्र नखरे दिखाने से आम गृहणियों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। पोहा, समोसा और चाट बेचने वाले ठेले वालों ने भी साफ कह दिया है- “भैया, चटनी-समोसा ले लो, पर प्याज एक्स्ट्रा मांगने की गलती मत करना!” अब देखना यह होगा कि प्याज के ये तेवर कब ठंडे होते हैं या फिर आम जनता को प्याज की जगह सिर्फ उसकी तस्वीरें देखकर ही सब्र करना पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m