कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। बिहार के निर्दलीय सांसद Pappu Yadav के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर हरियाणा के मंत्री Anil Vij ने कड़ा रुख अपनाया है। विज ने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल “बेहद निंदनीय” है। उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि “यह सब उनकी अपनी पार्टी में होता होगा, लेकिन वे पूरे देश, सभी पार्टियों और महिलाओं के बारे में ऐसा नहीं कह सकते।”
दरअसल, पप्पू यादव ने हाल ही में संसद में चर्चा के दौरान यह टिप्पणी की थी कि राजनीति में महिलाओं के आगे बढ़ने को लेकर कई बार गलत तरह की परिस्थितियां और समझौते देखने को मिलते हैं। उनके इस बयान को व्यापक रूप से महिलाओं की गरिमा के खिलाफ और आपत्तिजनक माना गया, जिसके बाद देशभर में सियासी बवाल खड़ा हो गया।
महिलाओं का अपमान, मांगे सार्वजनिक माफ़ी
इस बयान के सामने आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कई नेताओं ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की, वहीं कुछ ने कानूनी कार्रवाई तक की बात उठाई। महिला आयोग की ओर से भी इस मामले में संज्ञान लिया गया है और स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुद्दे को मिली राजीनीतिक गर्मी
हालांकि, बढ़ते विवाद के बीच पप्पू यादव अपने बयान पर कायम नजर आए और इसे “कड़वी सच्चाई” बताते हुए सफाई दी। लेकिन उनके इस रुख ने विवाद को और गहरा कर दिया है। अब अनिल विज जैसे वरिष्ठ मंत्री की सीधी और तीखी प्रतिक्रिया ने इस मुद्दे को और ज्यादा राजनीतिक गर्मी दे दी है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

