संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के बेरोजगार युवाओं और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के पुलिस विभाग में जल्द ही 9,662 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेज दिया है।

इन पदों पर होगी नियुक्तियां, सितंबर में जारी होगा विज्ञापन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए आरक्षक, ड्राइवर, उप निरीक्षक और सूबेदार के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की कवायद शुरू कर दी गई है। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा सितंबर माह में इस भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए मजबूत किया जा रहा पुलिस बल

उज्जैन में आयोजित होने वाले आगामी ‘सिंहस्थ 2028’ को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने के लिए पुलिस बल को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 9,662 पदों पर यह बड़ी भर्ती की जा रही है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ पुलिस विभाग को भी नया बल मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m