शब्बीर अहमद, भोपाल। अयोध्या राम मंदिर में चंदे की कथित गड़बड़ी और हेरफेर को लेकर मध्य प्रदेश में बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद पर बेहद गंभीर औऱ तीखे आरोप लगाए हैं। वहीं कांग्रेस के इन आरोपों और पोस्टर पर पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि राम के प्रति कांग्रेस का नजरिया हमेशा से काल्पनिक रहा है।
‘लाखों का चंदा अब कम हुआ, चंपत राय सब लेकर चंपत हो गए’- सज्जन सिंह वर्मा
भोपाल में मीडिया से मुखातिब होते हुए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट और बीजेपी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर हुई कथित चंदा लूट के बाद अब हालात ये हैं कि लाखों में आने वाला चंदा काफी कम हो चुका है। जनता का भरोसा डगमगाया है।
सज्जन सिंह वर्मा ने चुटकी लेते हुए कहा कि पंडित जी ने चंपत राय की कुंडली देखकर ही उनका नाम रखा था। उन्हें पता था कि एक दिन चंपत राय सब कुछ लेकर ‘चंपत’ हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े लोगों के आज बड़े-बड़े बंगले बन गए हैं।
‘शंकराचार्यों का किया अपमान’
कांग्रेस नेता ने कहा कि राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में देश के चारों शंकराचार्यों को आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि आरएसएस प्रमुख और प्रधानमंत्री को बुलाया गया। पीएम मोदी सिर्फ यह जताना चाहते थे कि राम मंदिर उन्होंने ही बनवाया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी इन सभी को ‘लुटेरा’ कहा है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक इस पर एक शब्द नहीं बोला। उनसे अच्छे प्रधानमंत्री तो मनमोहन सिंह थे।
‘6 साल में ₹3500 करोड़ का दान, ऑडिट क्यों नहीं?’
कांग्रेस की तरफ से उठाए गए मुद्दों में सबसे बड़ा सवाल पारदर्शिता को लेकर है। प्रेस कॉन्फ्रेंस और राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर नाराजगी जताई गई कि पिछले 6 साल के भीतर राम मंदिर के नाम पर करीब साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम दान आया है।
बड़ी मात्रा में भक्तों द्वारा दान की गई शिलाएं भी गायब हैं
आरोप लगाया गया कि एसआईटी (SIT) ने चंदा चोरी को लेकर पहले ही चेतावनी दी थी लेकिन बीजेपी की शह पर इस चेतावनी को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। इतने बड़े घोटाले के बाद भी अब तक दान की ऑडिट की पारदर्शिता क्यों नहीं रखी गई और कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इस मुद्दे से देश के सनातनी और हिंदू नेताओं में भारी आक्रोश है।
‘कांग्रेस को राम और सरकार दोनों दंडित करेंगे’- बीजेपी
कांग्रेस के इस चौतरफा हमले और विवादित पोस्टर पर भाजपा के फायरब्रांड नेता और विधायक रामेश्वर शर्मा ने मोर्चा संभाला। रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भगवान राम के प्रति कांग्रेस का क्या नजरिया रहा है यह पूरी दुनिया बहुत अच्छे से जानती है।
शर्मा ने कहा कि राम के प्रति ‘काल्पनिक’ शब्द कांग्रेस के मन और डीएनए में घुसा हुआ है। जिन्होंने हमेशा राम के अस्तित्व को नकारा, आज वे चंदे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि सरकार हर मामले में पूरी पारदर्शिता से काम और कार्रवाई कर रही है। राम द्रोह करने वालों को भगवान राम और सरकार दोनों मिलकर दंडित करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

