संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में आ गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। उफनती नदियों और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजधानी भोपाल के भदभदा डैम का एक गेट खोलना पड़ा है। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

नदियां उफान पर, रास्ते बंद

बारिश के चलते प्रदेश की प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं। श्योपुर में अमराल नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं, मंडला में नर्मदा नदी पूरे उफान पर बह रही है, जिससे घाट जलमग्न हो चुके हैं।

उत्तरी MP में मानसून की मजबूत सक्रियता

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में उत्तरी मध्य प्रदेश में मानसून सिस्टम सबसे ज्यादा एक्टिव है। इसके प्रभाव से ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग के जिलों में अगले 2 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

श्योपुर और शिवपुरी में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इसमें श्योपुर और शिवपुरी जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदियों के किनारे न जाने की अपील की है।

पूर्वी MP में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

इस सीजन में पहली बार पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्से में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी हिस्से में इस बार सामान्य से 3% ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे किसानों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m