संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। भाजपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने के बाद जहां कांग्रेस खेमे में हलचल तेज है और विधायकों की शिफ्टिंग की चर्चा हैं, वहीं भाजपा के दिग्गज नेताओं और विधायकों ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से लेकर भाजपा विधायकों ने दावा किया है कि विकास और पीएम मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए वे यह सीट डंके की चोट पर जीत रहे हैं।

हमारे पास एक्स्ट्रा वोट

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने के फैसले का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कांग्रेस की घेराबंदी करते हुए कह- चुनाव लड़ने का अधिकार सबको है और इस अधिकार का उपयोग किया जाना चाहिए। हमारे पास एक्स्ट्रा (अतिरिक्त) वोट मौजूद हैं, इसीलिए हमने अपना तीसरा उम्मीदवार खड़ा किया है। हमें पूरा विश्वास है कि लोग देश में डेवलपमेंट और विकास चाहते हैं। हर कोई चाहता है कि राज्यसभा में भी भाजपा का बहुमत मजबूत हो और आदरणीय मोदी जी के हाथ मजबूत हों। आम जनता की भी यही इच्छा है, इसी कारण लोग हमारे उम्मीदवार को वोट देंगे।

जिन्हें अपने लोगों पर भरोसा नहीं, वे शिफ्टिंग कराएं

कांग्रेस द्वारा अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिशों और उन्हें दूसरे राज्यों में शिफ्ट करने की अटकलों पर कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसते हुए कहा, अगर कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर विश्वास नहीं होगा, तो वो उन्हें बाहर ले जाएंगे। हमें तो हमारे विधायकों पर पूरा भरोसा है; वे डंके की चोट पर भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

अंतर्कलह मची हुई

भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने भी कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- “कांग्रेस का काम सिर्फ आरोप लगाना है। वे अपने अंदरखाने में झांककर नहीं देखते कि वहां किस तरह की अंतर्कलह मची हुई है। जिन्हें अपने लोगों पर भरोसा नहीं है, वे भले ही शिफ्टिंग करते रहें, लेकिन भाजपा हमेशा जीतने के लिए चुनाव लड़ती है और हम अपने अंतिम लक्ष्य को हासिल करके रहेंगे। हमें अपनी जीत पर पूरा भरोसा है।

चंबल की गहराइयों में दफन हो चुकी कांग्रेस

इधर, भाजपा के फायरब्रांड विधायक प्रीतम लोधी ने अनूठे अंदाज में भाजपा उम्मीदवार महेश केवट की जीत का दावा किया और कांग्रेस पर जमकर बरसे। प्रीतम लोधी ने कहा-जिस तरह केवट ने त्रेतायुग में भगवान श्री राम की नैया पार लगाई थी, ठीक उसी तरह हम सारे विधायक मिलकर इस बार महेश केवट को राज्यसभा भेजेंगे। अगर जंग जीतनी है, तो काम तो करना ही पड़ेगा। हम पूरी ताकत से मैदान में उतर चुके हैं। इस चुनाव के बाद राज्यसभा में हम कांग्रेस का ‘जीरो बटा सन्नाटा’ लगा देंगे। कांग्रेस अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और चंबल की गहराइयों में दफन हो चुकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m