संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में करीब दो दशक 18 से 19 साल बाद निकली संगीत और नृत्य शिक्षकों की भर्ती अब नियुक्ति में देरी के कारण विवादों में आ गई है। माध्यमिक (संगीत गायन वादन)और प्राथमिक शिक्षक(संगीत गायन वादन एवं नृत्य) पदों पर चयनित अभ्यर्थी पिछले 10 महीनों से जॉइनिंग का इंतजार कर रहे हैं। नियुक्ति आदेश जारी नहीं होने से चयनित शिक्षकों में नाराजगी
है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2022 में जारी हुआ था। 2023 में पात्रता परीक्षा और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा आयोजित की गई। सितंबर 2025 में परिणाम घोषित होने के बाद दस्तावेज सत्यापन भी पूरा हो चुका है, लेकिन 2026  तक नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। चयनित अभ्यर्थियों  का कहना है कि नियमों के अनुसार चयन सूची जारी होने के तीन महीने के भीतर नियुक्ति दी जानी चाहिए, लेकिन करीब 10 महीने बीतने के बाद भी पात्र-अपात्र सूची और चॉइस फिलिंग शुरू नहीं हुई।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि अन्य विषयों के चयनित उम्मीदवारों को जॉइनिंग मिल चुकी है, जबकि संगीत और नृत्य विषय के उम्मीदवार अब भी इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग की ओर से सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं। चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में संगीत और नृत्य शिक्षकों के करीब एक हजार पद खाली हैं। स्कूलों में हजारों विद्यार्थी संगीत और नृत्य विषय चुन रहे हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।नियुक्ति की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर भी ज्वाइनिंग दो अभियान चलाया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने सरकार से स्कूल खुलने से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m