MP Road Accident: मध्य प्रदेश में शनिवार का दिन हादसों से भरा रहा। दो जिलों में तेज रफ्तार ट्रक ने तांडव मचाते हुए 2 लोगों की जान ले ली। मऊगंज में जहां 19 साल के युवक को कुचल दिया गया। वहीं निवाड़ी में टक्कर लगने से बाइक पर बैठी महिला की मौत हो गई।
मऊगंज में 19 साल के युवक को ट्रक ने कुचला
अभय मिश्रा, मऊगंज। एमपी के मऊगंज में नेशनल हाईवे-135 पर एक भीषण सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मऊगंज थाना अंतर्गत ग्राम पटेहरा की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
दोपहर लगभग 3:30 बजे एक तेज रफ्तार काल ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय गोरेलाल प्रजापति के रूप में हुई है, जो पटेहरा का ही निवासी था। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-135 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्य की वजह से सड़कें वन-वे हो गई हैं, जो आए दिन इन हादसों की मूल वजह बन रही हैं। निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और वन-वे ट्रैफिक की वजह से वाहन चालक बेकाबू रफ्तार से गुजरते हैं
सूचना मिलते ही मऊगंज थाना प्रभारी संदीप भारतीय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को काफी देर तक समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ही चक्काजाम खत्म हुआ और यातायात दोबारा सुचारू हो सका। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
हाईवे पर बढ़ता निर्माण कार्य और बेतहाशा रफ्तार अब लोगों की जान की दुश्मन बनती जा रही है। सवाल यह है कि क्या इन निर्माण कार्यों के बीच ट्रैफिक प्रबंधन की कोई जिम्मेदारी नहीं है?
निवाड़ी में ट्रक की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला की मौत
धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। टीकमगढ़-पृथ्वीपुर मार्ग के मवई खिरक में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में भर्ती कराया गया।


