MP Road Accident: मध्य प्रदेश में बुधवार का दिन सड़क हादसों से भरा रहा। 3 जिलों में अलग-अलग जगह दर्दनाक हादसे हुए जिनमें 6 लोगों की जान चली गई। वहीं करीब 20 लोग घायल हो गए।
टेम्पो दीवार से टकराया, दो की मौत, 10 घायल
संजय वाणी, आलीराजपुर। एमपी के आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगोल में एक यात्री लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर स्कूल की दीवार से टकरा गया। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान संदा सेजावाड़ा निवासी सविता गणावा और रिंगोल निवासी धन्ना भूरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह लोडिंग टेंपो सेजावाड़ा से बरझर हाट बाजार के लिए यात्रियों को ले जा रहा था। रिंगोल के उतार पर उतरते समय अचानक टेंपो अनियंत्रित हो गया और सीधे स्कूल की दीवार से जा टकराया। दुर्घटना में घायल हुए 10 लोगों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात के दाहोद रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बरझर चौकी प्रभारी शिवा तोमर तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो डंपरों में भिड़ंत, केबिन में फंसकर जिंदा जले चालक
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में एक भीषण सड़क हादसे में दो डंपर चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। बेहट थाना क्षेत्र में आमने-सामने दो डंपरों की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों चालक केबिन में ही फंस गए और जिंदा जल गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, दिल दहला देने वाला यह हादसा ग्वालियर के बेहट थाना क्षेत्र के मुखतारपुरा मुख्य सड़क पर हुआ। ग्वालियर से दतिया की ओर जा रहा एक डंपर और दतिया से ग्वालियर आ रहा दूसरा डंपर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों डंपरों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक उनमें ही फंस गए,टक्कर के बाद निकली चिंगारी डंपरों के डीजल टैंक तक पहुंच गई, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते दोनों डंपरों को अपनी चपेट में ले लिया। केबिन में फंसे दोनों चालक बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही जिंदा जल गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दोनों चालकों के शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। मृतकों की पहचान मुरैना जिले के मेथाना निवासी जितेंद्र गुर्जर और मुरैना निवासी सुरेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है,फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
टायर फटने से पलटी स्कॉर्पियो, 2 की मौत, 10 घायल
अमित मंकोड़ी, आष्टा। इंदौर-भोपाल हाईवे पर जावर थाना क्षेत्र के सेमलीबारी जोड़ के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से भोपाल की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे जा पलटा। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना में मृतकों की पहचान मयूरेश गर्ग (38 वर्ष) और संगीता अग्रवाल (51 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय भी मौके पर सोनकच्छ पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त परिवार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विशेष परिचितों में शामिल था।
हादसे में मृतक
मयूरेश गर्ग पिता संतोष गर्ग (38 वर्ष)
संगीता अग्रवाल पति सुनील अग्रवाल (51 वर्ष)
घायल
सुनील अग्रवाल (62 वर्ष)
शर्मिला गर्ग पति स्वप्नील गर्ग (36 वर्ष)
कनव गर्ग पिता स्वप्नील गर्ग (10 वर्ष)
सुरभि अग्रवाल पत्नी मयूरेश गर्ग (28 वर्ष)
बेबी सुरभि (1.5 वर्ष)
पलक अग्रवाल (26 वर्ष)
रिमी अग्रवाल पति प्रखर अग्रवाल (30 वर्ष)
प्रखर अग्रवाल (32 वर्ष)
स्वप्नील गर्ग (37 वर्ष)
दूर्विक गर्ग (2 वर्ष)
हादसे की सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का टायर फटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

