मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला पन्ना और सिंगरौली जिले का है, लापरवाह ट्रैक्टर की वजह से तीन वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई जिससे 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं सिंगरौली में एक ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने ननिहाल आए एक मासूम बच्चे की जान ले ली।
बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत
इदरीश मोहम्मद, पन्ना। जिले के उड़की गांव में ट्रैक्टर की वजह से सड़क पर जा रही एक बोलेरो, सरिया (लोहे की रॉड) से लदा एक ऑटो-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल आपस में बुरी तरह टकरा गए। इस त्रिकोणीय भिड़ंत का मंजर इतना खौफनाक था कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में एक मृतक का सिर पूरी तरह कुचल गया और उसका भेजा बाहर निकल आया।
आधे घंटे तक तड़पता रहा ऑटो चालक
हादसे के बाद सरिया से लोड ऑटो का चालक वाहन के क्षतिग्रस्त मलबे और लोहे के सरियों के बीच बुरी तरह फंस गया। वह करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बमुश्किल बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरेश कुमार, सिंगरौली। जिले के देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कोयलकाट टोला गांव में एक ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण एक मासूम बच्चे को अपनी जान गंवानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, गांव में एक जगह टेंट का सामान उतारा जा रहा था। सामान खाली करने के बाद ट्रैक्टर चालक ने बिना पीछे देखे लापरवाही से ट्रॉली को बैक (पीछे) करना शुरू कर दिया। इसी दौरान ट्रैक्टर ने पीछे खड़े एक नाबालिग लड़के को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ननिहाल घूमने आया था मासूम
मृतक बच्चे की पहचान धौहनी निवासी राजेश यादव के रूप में हुई है। मासूम राजेश अपनी मां के साथ ननिहाल घूमने के लिए कोयलकाट टोला आया हुआ था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

