हाल ही में शिवसेना (UBT) छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए मुंबई नॉर्थ-ईस्ट के सांसद संजय दीना पाटिल विवादों में घिर गए हैं। उन पर पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पाटिल पत्रकारों पर नाराज होते दिखाई दे रहे हैं।
इन दो सवालों पर हुआ विवाद
पत्रकारों ने पाटिल से उनकी बेटी और नगरसेविका राजुल पाटिल के रुख पर सवाल पूछा था। राजुल ने साफ कहा है कि वह अपने पिता के दल-बदल के बावजूद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के साथ ही रहेंगी।
दूसरा सवाल शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत द्वारा मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे गए पत्र को लेकर था। राउत ने पाटिल के उस कथित बयान पर कार्रवाई की मांग की है, जिसमें उन्होंने विरोध करने वालों पर बम फेंकने और घर में घुसकर मारने जैसी बातें कही थीं। इन सवालों से नाराज पाटिल ने कथित तौर पर पत्रकारों से कहा, “मेरे मामलों में दखल क्यों देते हो? दोबारा आए तो मार डालूंगा।”
विवाद बढ़ने पर सामने आए एकनाथ शिंदे
मामले ने तूल पकड़ा तो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सफाई देनी पड़ी। विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा कि पाटिल का उद्देश्य पत्रकारों का अपमान करना नहीं था। हालांकि, यदि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना चाहिए। शिंदे ने बताया कि उन्होंने पाटिल से स्पष्ट कहा है कि यदि उनके मुंह से कोई अनुचित टिप्पणी निकली है तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
संजय राउत ने की कार्रवाई की मांग
इस बीच संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को पत्र लिखकर पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राउत का आरोप है कि पाटिल ने विरोध करने वालों को बम से उड़ाने और जान से मारने जैसी धमकियां दी थीं। उल्लेखनीय है कि शिंदे गुट में शामिल होने के बाद से पाटिल के कई बयान विवाद का विषय बने हुए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

