नितिन नामदेव, रायपुर। समान नागरिक संहिता (UCC) पर जैसे-जैसे छत्तीसगढ़ सरकार आगे बढ़ रही है, मुख्य विपक्षी दल के तौर पर कांग्रेस का विरोध भी मुखर होता जा रहा है. विषय पर कांग्रेस के प्रदर्शन की चेतावनी पर सांसद संतोष पांडेय ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली जैसी स्थिति यहां भी बनाना चाहती है. कांग्रेस समय-समय पर अराजकता फैलाने का प्रयास करती है, लेकिन अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी.
सांसद संतोष पांडेय ने मीडिया से चर्चा में यूसीसी पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि बीजेपी लगातार शांति कायम करने का काम कर रही है. कांग्रेस किसी भी मुद्दे पर आएगी, उसे जनता जवाब देगी. कांग्रेस भ्रम फैलाने और लोगों को भड़काने का काम कर रही है. हमारे यहां आदिवासी मुख्यमंत्री और महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं.

वहीं सेवा संकल्प अभियान पर कांग्रेस के बयान पर सांसद पांडे ने पलटवार करते हुए कहा कि कई कमियों के बावजूद महाराष्ट्र और बिहार में हमारी सरकार क्यों बनी? जो लोग यह मुद्दा उठाते हैं, वे खुद ही पिटते हैं. कांग्रेस कोई भी मुद्दा लेकर आए, सफल नहीं होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता पसंद करती है.
वहीं महादेव सट्टा ऐप के मामले में कार्रवाई को लेकर सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि मामले में लगातार कार्रवाई हो रही है. मैंने सबसे पहले लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया था. कांग्रेस सरकार ने युवाओं को सट्टे और शराब के नशे में धकेला. हमारी सरकार युवाओं को सही दिशा देने का काम कर रही है. युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


