अनिल मालवीय, ​इछावर। मध्य प्रदेश के इछावर नगर परिषद में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिषद की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया। कई सालों से नालों की सफाई न होने और अधूरे निर्माण कार्यों से नाराज वार्ड नंबर 15 के पार्षद जुनैद खान, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल और जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने न सिर्फ नाले के पास धरना दिया, बल्कि खुद नाले में उतरकर सफाई भी की।

कांग्रेस ने दी ये चेतावनी

​हद तो तब हो गई जब आक्रोशित कांग्रेसी नाले से निकाली गई सड़ती हुई गंदगी और कचरा गाड़ी में भरकर सीधे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और उसे दफ्तर के बाहर ही फेंक दिया। ​पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने बेहद तल्ख और सख्त लहजे में मुख्य नगरपालिका अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है सुधर जाओ! आप जनता के टैक्स से वेतन पाने वाले शासकीय सेवक हो, न कि भाजपा के बंधुआ अधिकारी। अगर नगर के अधूरे निर्माण कार्य और नालों की सफाई जल्द पूरी नहीं हुई, तो कांग्रेस फिर सड़क पर उतरेगी। अगली बार हम आपको चूड़ी भी पहनाएंगे और शहर की सफाई भी खुद ही करेंगे।

कुंभकर्णी नींद सोया प्रशासन

​पार्षद जुनैद खान ने बताया कि वार्ड नंबर 15 और आसपास के इलाकों में सालों से नालों की सफाई नहीं हुई है। हल्की सी बारिश होते ही नाले उफान पर आ जाते हैं, जिससे गंदगी और बदबूदार पानी लोगों के घरों और सड़कों पर फैल जाता है। इस नरकीय स्थिति को लेकर नगर परिषद को कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कुंभकर्णी नींद में सोए प्रशासन ने सुध नहीं ली। आखिरकार मजबूरन कांग्रेस को यह आक्रामक कदम उठाना पड़ा।

कचरे को परिषद के गेट पर किया डंप

बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी नाले की सफाई और अधूरे निर्माण कार्य अटके रहे। जलभराव और गंदगी के कारण स्थानीय लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। खुद नाले में उतरकर गंदगी साफ की और उस कचरे को नगर परिषद के गेट पर ही डंप कर दिया। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अगर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो आंदोलन इससे भी ज्यादा उग्र होगा। ​इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे और तीखे प्रदर्शन के बाद अब देखना यह है कि नगर परिषद प्रशासन अपनी सुस्ती तोड़ता है या इछावर में सियासी पारा और ऊपर चढ़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m