अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में लगातार हो रही बारिश ने नदी-नालों को उफान पर ला दिया है। बारिश के बीच जैतपुर ब्लॉक से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है, जहां खामिडोल से जैतपुर मार्ग पर केसेढ़ नदी पर बना पुल बीचों-बीच दरक गया है। पुल में पड़ी गहरी दरार के चलते निर्माण में लगी लोहे की सरिया भी बाहर निकल आई हैं। हालात ऐसे हैं कि पुल की यह दरार किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, बावजूद इसके लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इसी पुल से आवाजाही करने को मजबूर हैं।

समय पर मरम्मत न होने पर दो टुकड़ों में बंट सकता है पुल

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के बाद नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। तेज बहाव का दबाव पुल पर साफ नजर आ रहा है। पुल के बीचों-बीच आई दरार को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी स्थिति कितनी गंभीर है। अगर समय रहते पुल की जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं की गई तो यह कभी भी दो हिस्सों में बंट सकता है।

बिना बैरिकेडिंग गुजर रहे वाहन

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुल की हालत सामने आने के बावजूद यहां से वाहनों और राहगीरों की आवाजाही क्यों जारी है, पुल पर सुरक्षा के लिए किसी तरह की बैरिकेडिंग या आवागमन रोकने की व्यवस्था नहीं होने से खतरा और बढ़ गया है। बारिश के दौरान पुल से गुजरने वाले लोगों के लिए यह दरार किसी अनहोनी का इंतजार करती नजर आ रही है।

जिले में अब तक 1001.7 मिमी औसत बारिश दर्ज

इधर, जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। जिले में औसतन 34.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। वहीं 31 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 1001.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है। पिछले वर्ष 31 अगस्त 2025 तक 930.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m