परवेज खान, शिवपुरी। पुलिसकर्मियों, खासकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता अब कुछ हद तक कम होगी। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया की पहल पर पुलिस कंट्रोल रूम में छोटे बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘झूला घर’ तैयार किया गया है। ड्यूटी के दौरान कई महिला पुलिसकर्मियों को छोटे बच्चों को साथ लेकर आना पड़ता है या फिर उन्हें घर पर छोड़कर ड्यूटी करनी पड़ती है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर उन्हें लगातार चिंता बनी रहती है। इसी समस्या को देखते हुए शुरू किया गया यह झूला घर पुलिसकर्मियों के लिए राहत की पहल माना जा रहा है।
खेलने से लेकर सोने तक की व्यवस्था
झूला घर में बच्चों के लिए खिलौने, शैक्षिक सामग्री, सोने की व्यवस्था, पौष्टिक खान-पान और पेंट्री एरिया बनाया गया है। बच्चों की देखरेख के लिए स्टाफ की व्यवस्था की गई है, वहीं उनकी सुरक्षा पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। अब ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी अपने छोटे बच्चों को झूला घर में सुरक्षित माहौल में रख सकेंगे। इससे पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के साथ-साथ बच्चों की देखभाल को लेकर भी राहत मिलेगी।
‘पुलिस की ड्यूटी आसान बनाने की कोशिश’
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया की यह पहल पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है। खासकर महिला पुलिसकर्मियों के लिए यह सुविधा ड्यूटी और परिवार के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मददगार साबित हो सकती है। पुलिस की वर्दी में ड्यूटी का दबाव अलग होता है, लेकिन छोटे बच्चों की चिंता के बीच जिम्मेदारी निभाना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में पुलिस कंट्रोल रूम का यह ‘झूला घर’ बच्चों के लिए सुरक्षित ठिकाना और पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


