शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानि TET की अनिवार्यता से जुड़ी एक महत्वपूर्ण और बड़ी खबर सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय और मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद TET आवेदन की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। अब शिक्षक 5 अक्टूबर तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।

कम आवेदनों के कारण लिया गया फैसला

पूर्व में आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर से बढ़ाकर 18 सितंबर तय की गई थी। हालांकि, TET के दायरे में आने वाले लगभग 1.5 लाख शिक्षकों की तुलना में अब तक महज 19 हजार के करीब ही आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों की इस बेहद कम संख्या को देखते हुए प्रशासन ने तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

दिसंबर में परीक्षा की संभावना, केंद्र करेगा समीक्षा

फिलहाल TET परीक्षा की सटीक तिथि को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका है, लेकिन सूत्रों के अनुसार दिसंबर माह में परीक्षा आयोजित करने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

वहीं दूसरी ओर, अलग-अलग राज्यों से मिल रही शिकायतों और व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा विभाग भी TET की अनिवार्यता और नियमों की समीक्षा करने जा रहा है। इस समीक्षा के बाद आगामी दिशा-निर्देशों में कुछ और स्पष्टता आने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m