प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में फूड रेस्टोरेंट के सामने शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बचाने पहुंचे उनके भाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह पूरा मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का है। एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित जूना अखाड़ा चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरकर और पासी पक्ष के बीच होली के समय एक विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसी पुराने विवाद के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से बल प्रयोग हुआ है और फायरिंग होने की बात भी सामने आई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है। पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना में एक व्यक्ति (लोकेश गौरकर) की मौत होने की जानकारी मिली है। फिलहाल किसी आरोपी के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m