शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। 29 सितंबर को मतदान होगा। वहीं तीन अक्टूबर को रिजल्ट आएगा। प्रदेश में पंचायत चुनाव में भी EVM मशीन से वोट डाले जाएंगे।

मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 8 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 15 सितंबर तक नामांकन पत्र जमा होंगे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 सितंबर नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

इस दिन आएगा परिणाम

नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं पंचायतों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। पंचायतों में पंच पद की मतगणना मतदान के तुरंत बाद केंद्र पर होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना 3 अक्टूबर सुबह 8 बजे से होगी। जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के परिणाम 5 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे घोषित होंगे।

कहां कितने पदों पर होगा उपचुनाव

  • 3 अध्यक्ष पदों पर उपचुनाव- सुसनेर, टीकमगढ़ और कुक्षी
  • नगरीय निकायों में 26 पार्षद पदों पर उपचुनाव होंगे।
  • 7 जिला पंचायत सदस्य पद और 28 जनपद पंचायत सदस्य पद।
  • 110 सरपंच पद, सबसे ज्यादा 4090 पंच पदों पर उपचुनाव होगा।
  • कुल मिलाकर नगरीय निकाय और पंचायतों के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव की प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होकर 5 अक्टूबर तक चलेगी।

आगर-मालवा की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद का निर्वाचन और विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षदों के लिये उप निर्वाचन होगा। इंदौर नगर पालिक निगम के वार्ड 58, 60, ग्वालियर नगर पालिक निगम के वार्ड 5, सागर नगर पालिक निगम के वार्ड 11, कटनी नगर पालिक निगम के वार्ड 41, खंडवा नगर पालिक निगम के वार्ड 34, नगर पालिक निगम के वार्ड 47, दमोह नगर पालिका परिषद के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड 4, दतिया के वार्ड 1, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड 4 और विदिशा नगर पालिका परिषद के वार्ड 26 के पार्षद का उप निर्वाचन होगा।

इसी तरह नगर परिषद फूफ के वार्ड 8, चाकघाट के वार्ड 2, लोहारदा के वार्ड 10, कोटर के वार्ड 8, जैतवारा के वार्ड 10, सिलवानी के वार्ड 3, बड़ोदा के वार्ड 14, बरघाट के वार्ड 6, कसरावद के वार्ड 8, पिपलिया मंडी के वार्ड 15, निवाली बुजुर्ग के वार्ड 7 और नगर परिषद कुक्षी के वार्ड 14 के लिये उप निर्वाचन होगा। जिला पंचायत के 7, जनपद पंचायत के 28 और सरपंच के 110 पदों के लिये होगा उप निर्वाचन होंगे। पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 और 4090 पंच पद के लिए उपचुनाव होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m