शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज मंगलवार को दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक हाथों में दूषित पानी और तख्तियां लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ ही मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। वहीं इस पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने पलटवार भी किया हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार टैक्स लेती है तो क्या स्वच्छ पानी पिलाने की जवाबदारी नहीं है। राज्यपाल के अभिभाषण में कहते है मेरी सरकार स्वच्छ पानी पिला रही है, तो कहां स्वच्छ पानी मिल रहा है ? सरकार क्यों बहस से डर रही है। इंदौर की जनता श्मशान घाट जा रही है और मंत्री कुर्सी पर बैठे हुए है। तत्काल मुख्यमंत्री को मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए।

ये भी पढ़ें: बीजेपी दफ्तर पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय: संगठन महामंत्री से अकेले में हुई बातचीत, ‘घंटा’ वाले बयान से विवादों में घिरे थे मंत्री

तख्तियां लेकर पहुंचा विपक्ष

कांग्रेस विधायक अपने हाथों में कई तख्तियां भी लेकर पहुंचे थे। जिन पर लिखा था…

  • स्वच्छता का अवॉर्ड मिला, लेकिन साफ पानी क्यों न मिला
  • 35 मौतों का हिसाब दो, जवाब दो, जवाब दो!
  • नंबर- 1 का शहर बताया, लेकिन ज़हर का पानी पिलाया!
  • जनता ने जवाब मांगा, मंत्री जी ने घंटा दिया!
  • भागीरथपुरा की हर मौत, सरकार की विफलता का प्रमाण है!
  • 35 मौतें एक सवाल – कौन है इसका जिम्मेदार ?

कांग्रेस को इस्तीफा मांगने का अधिकार नहीं- बीजेपी

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार किया है। बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा का कांग्रेस को नैतिक रूप से इस्तीफा मांगने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस की नीतियों के कारण यह स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस ने जो किया, हम आगे सुधारेंगे।

इंदौर में दूषित पानी से हुई थी मौतें

दरअसल, इंदौर में हुए ‘पानी कांड’ ने मध्य प्रदेश समेत पूरे देश को झकझोर कर रखा दिया था। भागीरथपुरा इलाके में दूषित (गंदा) पानी पीने से 25 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। हालांकि सरकारी रिकॉर्ड में आंकड़ें अलग है। इस मामले पर जमकर सियासत भी हुई थी। विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मंत्री से इस्तीफे की मांग की थी।

ये भी पढ़ें: इंदौर में दूषित पानी से 2 और मौत: बुजुर्ग और 2 साल की मासूम ने तोड़ा दम, आंकड़ा बढ़कर 35 हुआ

बुधवार को पेश होगा बजट

आपको बता दें कि एमपी विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही सोमवार 16 फरवरी से शुरू हो चुकी है। जो 6 मार्च तक चलेगी। आज मंगलवार को सत्र का दूसरा दिन है। कल बुधवार को विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इस सत्र में कुल 3478 प्रश्नों की विधानसभा को सूचनाएं, 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प पेश होंगे। शून्य काल में विधानसभा में 83 सवाल होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m