MP Assembly Monsoon Session: मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ। सदन में सरकार ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) यूसीसी बिल पेश किया। मंत्री गौतम टेटवाल ने पटल पर प्रस्ताव रखा। रविवार 20 जुलाई को डॉ मोहन यादव की कैबिनेट ने इस बिल को मंजूरी दी थी। अब इस बिल पर मानसून सत्र के दूसरे दिन (21 जुलाई) को चर्चा होगी।
विधानसभा में निधन का उल्लेख
एमपी विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही का सोमवार को पहला दिन रहा। सदन में सबसे पहले दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई। स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने निधन का उल्लेख किया। दिवंगत अश्विन जोशी, पहाड़ सिंह कन्नौजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खंडूरी, सुप्रसिद्ध शायर डॉ बशीर बद्र, सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन का उल्लेख किया गया।
विपक्ष ने इन्हें भी श्रद्धांजलि
निधन के उल्लेख के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि बरगी हादसे में 13 लोगों की जान गई। संवेदनाओं का विषय है उन परिवारों की गलती नहीं है यह अलग बात है इस मामले में क्या हुआ, लेकिन ऐसे लोगों को श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि नीट पेपर के मामले में मध्य प्रदेश में कई छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। छात्र जब सालभर पूरा पढ़ते हैं और पेपर लीक होता है, तो उसके परिवार पर क्या बीतती है। यह वही जान सकते हैं। पटाखा फैक्ट्री में भी 9 लोगों की जान गई, विपक्ष की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह मुद्दा उठाया नहीं जाना चाहिए था। इस तरह की टिप्पणी नेता प्रतिपक्ष द्वारा की जाना ठीक नहीं है। दिवंगतों के सम्मान में सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित किया गया।
UCC के विरोध में काला कपड़ा पहनकर पहुंचे कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक आतिफ अकील यूसीसी के विरोध में काला कपड़ा पहनकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान हाथों में UCC के विरोध का पोस्टर भी था। साथ ही गाय माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का पोस्टर भी लेकर पहुंचे। वहीं आतिफ ने मांग की है कि आदिवासियों की तरह मुसलमान को भी UCC से बाहर रखा जाए।
आरिफ मसूद ने कही ये बात
मध्य प्रदेश विधानसभा में UCC बिल को लेकर सियासत पहले दिन से ही नजर आ रही है। रविवार को कैबिनेट में UCC बिल पारित होने के बाद इस मानसून सत्र में सरकार की तैयारी है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बिल का विरोध करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारे ट्राईबल के सभी विधायक इस पूरे मुद्दे को गंभीरता से समझ लेंगे, तो उनको समझ में आएगा कि मुसलमान को कंधे पर रखकर उनके साथ धोखा किया जा रहा है। पूर्व में भी इनका पारित किया गया है और उसमें कहा गया है कि वह आदिवासियों को इससे बाहर रखेंगे। सदन के पटल पर जब यह आएगा, तब इसके बारे में बताऊंगा कि कैसे उनके साथ धोखा कर के वापस मिला लिया। वहीं उन्होंने रामेश्वर शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हम किसी के भी दबाव में नहीं आते, जनता बहुत समझदार है वो संविधान और ऊपर वाले दबाव में आती है।
यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड की बात कर रहा युवा- जयवर्धन सिंह
कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि सामान्य नागरिक संहिता के संबंध में, जो कल कैबिनेट में मंजूरी मिली है। सदन के अंदर भी इस पर चर्चा हो सकती है। देश के युवा, यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात नहीं कर रहा है। वह यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड की बात कर रहा है। भाजपा के राज में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। पैसों के आधार पर भर्ती करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के ढाई साल से अधिक समय पूरा हो चुका है। उनके पास मध्य प्रदेश के विकास, युवाओं, किसानों के लिए एक भी योजना नहीं है। भाजपा को हिंदू-मुस्लिम सांप्रदायिक तनाव की बात करनी है। मुख्यमंत्री, यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात करने से पहले यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड की भी बात करें।
अनुभा मुंजारे बोलीं- महिलाओं को नहीं हो रहा सम्मान
कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि अभी यूसीसी पर कुछ कहना जल्दबाजी होगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इस पर अपना वक्तव्य देंगे। महिलाओं के सम्मान की ये बात करते हैं, लेकिन महिलाओं का सम्मान कहा हो रहा है ? नारी शक्ति वंदन’ लेकर आते हैं, उसमें भी बहुत सारी शर्तें लेकर आते हैं। मध्य प्रदेश में भी महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं हो रही है।
बीजेपी सरकार में किसान खुश- रामेश्वर शर्मा,
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसान खुश हैं। उन्हें समय पर खाद बीज, बिजली, पानी सब मिल रहा है। किसानों की आय बढ़ी है। यूसीसी के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस मुल्ला मौलवियों के दबाव में यूसीसी का विरोध कर रही है। कांग्रेस हलाला प्रथा की समर्थक है। मध्यप्रदेश में सबको समान हक मिलेगा, यूसीसी लागू होगा।
गोपाल भार्गव बोले- यूसीसी में शादी को लेकर व्यवस्था अच्छी है
बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि लिव इन रिलेशन भारतीय संस्कृति का अंग नहीं इसकी मान्यता नहीं है। नए दौर में यह सब प्रचलन में आया है फिर भले ही किसी को खाई में धकेल दिया जाए, इस तरह की बाते होती हैं। यह सब ध्यान में रखकर सरकार इसको लेकर फैसला कर रही है। यूसीसी में शादी को लेकर बहुत अच्छी व्यवस्था दी गई है। आदिवासी, घुमक्कड़ जैसे समुदाय संस्कृति बहुत प्राचीन हैं। जनजातीय के समान वर्गों और मुस्लिम समाज के नियमों में बहुत अंतर है। आपको बता दें कि एमपी विधानसभा में मंगलवार (21 जुलाई) को यूसीसी बिल पर चर्चा होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


