शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली है, जिसका सीधा असर इस बार विजयादशमी और त्योहारी सीजन पर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम केंद्र ने प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 20 अक्टूबर को तेज आंधी और बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कुल 14 जिलों के लिए यह विशेष चेतावनी दी गई है। दशहरे के दिन इंदौर, उज्जैन और रतलाम सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
आज भी 15 जिलों में बारिश का अनुमान
महज दशहरे का दिन ही नहीं, बल्कि आज भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, उज्जैन, राजगढ़, सागर और सीहोर समेत प्रदेश के लगभग 15 जिलों में आज बारिश होने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
22 अक्टूबर तक बने रहेंगे बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 20, 21 और 22 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों तक प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस दौरान पूर्वी हिस्से का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और वहां धूप खिली रहेगी।
रविवार की आंधी-बारिश से उड़े थे पंडाल
गौरतलब है कि बीते रविवार को भी इंदौर, सीहोर और शाजापुर में अचानक हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण काफी असर देखने को मिला था। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर दुर्गा उत्सव के माता पंडालों के टेंट तक उड़ गए थे, जिसके बाद से प्रशासन और आयोजनकर्ता सतर्क हो गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

