शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता के साथ ही मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम केंद्र ने प्रदेश के मौसम को लेकर एक बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। राज्य के 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम की इस बेरुखी के बीच पांढुर्णा जिले से एक दुखद खबर भी सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

9 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कई जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक होने की संभावना है। जिसमें ऑरेंज अलर्ट वाले सागर, दमोह, बैतूल, देवास, अलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जिले हैं।

23 जिलों में भारी झमाझम बारिश का दौर

इसके अलावा, मौसम केंद्र ने 14 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।

भारी बारिश की संभावना: रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में अच्छी-खासी बारिश होने का अनुमान है।

तेज और हल्की बौछारें: भोपाल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, रीवा, सीधी, शहडोल, खरगोन और खंडवा में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।

औसतन 6.4 इंच पानी बरसा, प्रशासन मुस्तैद

प्रदेश में मानसून की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक राज्य में औसतन 6.4 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। 20 से अधिक जिलों में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आने लगे हैं। मौसम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम में सतर्क रहें, आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और बेहद आवश्यक न होने पर यात्रा करने से बचें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m