शब्बीर अहमद, Bhopal. मध्य प्रदेश में मानसून की भारी बारिश का तांडव लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने आगामी 4 दिनों के लिए बेहद डराने वाली चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटे के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में 4 से 8 इंच तक अति भारी बारिश हो सकती है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। विभाग ने आधा दर्जन जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
इन 6 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’-प्रशासन मुस्तैद
मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इन 22 जिलों में ‘भारी बारिश’ का दौर रहेगा जारी
इसके अलावा सूबे के बड़े हिस्से में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। मौसम विभाग ने राजधानी के नजदीकी इलाकों सहित मालवा-निमाड़ और महाकौशल के कुल 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है:
ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह।
महाकौशल और मध्य एमपी: कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़।
मालवा: आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर।
25 जिलों में थमेगी नहीं फुहारें, हल्की बारिश का दौर
प्रदेश के बाकी बचे 25 जिलों में भी बादलों का डेरा रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा:
अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, भोपाल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली।
प्रशासन की आमजन से विशेष अपील
लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के उफान को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। रपटों और उफनते पुल-पुलियों को पार न करने की हिदायत दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

