भोपाल। MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में प्रचंड गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। लेकिन फिलहाल इससे राहत मिलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। बल्कि अब और सतर्क होने की जरुरत हो गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी।
37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में सबसे गर्म खंडवा शहर रहा जहां का तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं कई जिलों में दिन के साथ रात भी गर्म होने लगी है। इंदौर, उज्जैन और मंडला में गर्म हवाएं चलेंगी।
इन जिलों में हालात गंभीर
भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, छतरपुर, सागर, दमोह समेत कई जिलों में लू का असर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में दोपहर के समय हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
आफत के साथ राहत भी
एमपी में मौसम ने सिर्फ गर्मी से तड़पाया नहीं बल्कि बारिश से राहत भी दिया। भीषण गर्मी के बीच कुछ किलों में आंधी और बारिश का सिलसिला भी जारी रहा। कटनी में जहां तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, वहीं उमरिया में आंधी और बारिश से खरीदी केंद्रों में रखा गेहूं भीग गया। सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, गुना, शिवपुरी और रायसेन समेत कई जिलों में भी शाम को मौसम बदला।

